Uncategorized

कांग्रेस की सरकार में बस्तर विकास से वंचित है- विष्णुदेव साय

कोंडागांव. जिला प्रवास पर आए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने अटल सदन जिला कार्यालय कोण्डागांव में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि जबसे प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आई है, तब से बस्तर विकास से वंचित हो गया है। बस्तर में विकास को लेकर भाजपा ने जो कार्य किया है। उससे कांग्रेस कोसों दूर है। कांग्रेस का प्रदेश के विकास से कोई लेना-देना नहीं है। कांग्रेस वह पार्टी है, जहां उनके नेता गरीबी हटाओ का नारा लगाते हैं और गरीबी यथावत रहती है। धान खरीदी से लेकर बेरोजगारी भत्ता, पेंशन योजना, विकास के मूलभूत सुविधा देने में असफल कांग्रेस केवल काल्पनिक बातें कर रही तथा उत्सव मनाने में व्यस्त है। वक्त आने पर प्रदेश की जनता कांग्रेस को करारा जवाब देगी। विष्णुदेव साय ने कार्यकर्ताओं से 22 जनवरी को आयोजित जिला स्तरीय धरना प्रदर्शन में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है।
बस्तर संभाग प्रभारी व वरिष्ठ विधायक शिवरतन शर्मा ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार के पास इन दो सालों में बताने के लिए कुछ भी नहीं है। छलावा इस सरकार का सूत्र वाक्य बन गया है। जनता के अहित में झूठ के अलावा कुछ भी कार्य नहीं किया है। दावा और दमनकारी नीतियों के बीच ही प्रदेश की कांग्रेस सरकार चल रही है।

पूर्व सांसद दिनेश कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी चाहते हैं समाज के हर वर्ग का समग्र विकास हो, लेकिन प्रदेश की सरकार विकास को रोकने हेतु ही रोका-छेका अभियान लागू किया है, जिसके चलते विकास पूरी तरह से ठप्प है। बस्तर का विकास नहीं होने से यहां का हर आम जनमानस व्यथित है।

प्रदेश उपाध्यक्ष सुश्री लता उसेंडी ने कहा कि जनता को अब लगने लगा है कि क्षेत्र में विकास को लेकर कुछ भी नहीं हो रहा है। विकास के नाम पर केवल कागजों में ही काम किये जा रहे हैं। हर तरफ भय और भ्रष्टाचार का आलम है। केन्द्र सरकार द्वारा चलाये जाने वाली योजनाएं पूरी तरह से बंद हैं और यह सरकार केवल तथाकथित तौर पर विकास का दावा कर रही है। इसे जनता भली-भांति समझती है।
जिला प्रभारी प्रफुल्ल विश्वकर्मा ने कहा कि सभी संकल्पवान कार्यकर्ताओं के एकजुटता से आगामी हर चुनाव में हम कमल खिलाने में सफल होंगे इसी संकल्पभाव के साथ हम सभी जुटे हैं।
भाजपा जिला अध्यक्ष दीपेश अरोरा ने स्वागत भाषण दिया, तो वहीं मंच संचालन गोपाल दीक्षित ने किया। कार्यक्रम में मनोज जैन, चंदन साहू, जितेन्द्र सुराना, संतोष कटारिया, ओमप्रकाश टावरी, रजिया खान, हेमकुंवर पटेल, जसकेतु उसेण्डी, बाल कुंवर प्रधान, जैनेन्द्र सिंह ठाकुर, संजू पोयाम, अनिता नेताम, अंजोरी नेताम, प्रतोष त्रिपाठी, तरुण साना, दयाराम पटेल, प्रेम सिंह नाग, संतोष पात्रे, खेमचंद्र नेताम, लखमू मौर्य, गामा जायसवाल, तोएश चन्देल, गीतेश पांडेय, शनील भंसाली, रोशन सेन, विक्की रवानी, सतीश सोनी, रेशम दीवान, ईना श्रीवास्तव, लक्ष्मी ध्रुव, तरुण साना, कानमल जैन, रामेश्वर उसेण्डी, नवदीप सोनी, सुमित कटारिया, धनराज मालू, हरिशंकर नेताम, प्रवीर सिंह बदेशा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व पार्टी पदाधिकारी मौजूद नजर आए।

प्रदेश अध्यक्ष साय का प्रथम बस्तर आगमन पर भव्य स्वागत

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय का बस्तर प्रवास के दौरान कांकेर से रवाना होने पर केशकाल, फरसगांव, कोण्डागांव में गर्म जोशी से कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। जिस पर उन्होंने कहा कि मैं आप सभी के स्वागत से अभिभूत हूं। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता जिस संकल्प भाव के साथ कार्य कर रहा है, इसका परिणाम भविष्य में जरूर देखने को मिलेगा। प्रदेश की असफल सरकार को हम प्रत्येक कार्यकर्ता के सहारे घेरने में सफल होंगे। युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कोंडागांव के रायपुर चौक से बाईक रैली निकाल व स्वागत करते हुए विकास नगर स्थित भाजपा कार्यालय तक किया गया।

Patrika Look

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *