नक्सलगढ़ इलाके में महिला उत्पीडन व शोषण के विरुद्ध महिलाओं ने अपनी आवाज बुलंद कर मनाया विश्व महिला दिवस
कोंडागांव। संवेदनशील क्षेत्र में बसे ग्राम बेचा में विश्व महिला दिवस मनाए जाने तथा इस दौरान क्षेत्र की जागरुक महिला नेत्रियों द्वारा आयोजन में उपस्थित महिलाओं से नारी शक्ति को जागृत करने का आव्हान किए जाने सहित अंदरुनी क्षेत्र की महिलाओं के साथ हो रहे शारीरिक-मानसिक उत्पीडन व शोषण के विरुद्ध आवाज बुलंद करने का संकल्प लिए जाने की जानकारी देते हुए बताया गया है ।
कि महिलाओं को महत्व तथा बराबरी का दर्जा देने के उद्देष्य से घोषित अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 8 मार्च पर ग्राम बेचा में आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं ने अपनी उपस्थिति भारी संख्या में दर्ज कराया साथ ही इस दौरान महिलाएं अपने हांथों में तीर-कमान लेकर स्वयं को अबला के बजाए सबला बताने का प्रयास कर प्रदर्शन करती नजर आईं। इस दौरान क्षेत्र की जागरुक महिला नेत्रियों द्वारा महिलाओं के साथ हो रहे शारीरिक-मानसिक उत्पीडन व शोषण सहित हिंसा, अत्याचार के खिलाफ अपनी आवाज को बुलंद करने हेतु एकजुट होने का आव्हान किया। साथ ही क्षेत्र की महिलाओं के साथ हो रहे हिंसा को रोकने के लिए शपथ लिया। ग्राम पंचायत बेचा के बंगलापारा में आयोजित विश्व महिला दिवस के अवसर पर जिस संख्या में महिलाओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई उससे ऐसा आभास होता है कि अंदरुनी क्षेत्र की महिलाएं भी अपने अधिकारों के प्रति जागरुक होने लगी हैं।