रायपुर। इस बार महाशिवरात्रि पर हटकेश्वरनाथ महादेव मंदिर परिसर महादेव घाट के तट पर सकारात्मक ऊर्जा और दिव्य शक्ति प्रदायक ऊं ध्वनि दो घंटे तक लगातार गूंजेंगी। सुबह सात बजे से नौ बजे तक ओम की ध्वनि का एक साथ सामूहिक उच्चारण 108 बार होगा।
ओम मंडली शिवशक्ति अवतार सेवा संस्थान अग्रोहा कॉलोनी रायपुर के तत्वावधान में होने जा रहे इस महानुष्ठान में सम्मिलित होने देशभर के विभिन्न स्थानों से शिवभक्त पहुंचेंगे। संस्थान की ओर से अब तक देश के कानपुर, कोल्हापुर, मुम्बई, दिल्ली, हैदराबाद, मेरठ, बांदा समेत अनेक स्थानों में यह सफल अनुष्ठान कराया जा चुका है। जिसमें संस्थान के ओम प्रतीक अंकित ध्वज सहित राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे का भी आरोहण होगा।
ॐ के उच्चारण से मानसिक उपचार
ओम मंडली शिवशक्ति अवतार सेवा संस्थान की प्रमुख शिवशक्ति संवाहक देवकी बहन ने बताया कि नित्य प्रति ऊँ ध्वनि करने से सभी मानसिक समस्याओं से मुक्ति मिलती है। सभी समस्याओं का एक ही समाधान है ओम ध्वनि। भौतिक विकास के इस कलिकाल में मानव तनाव-डिप्रेशन, अशांति से ग्रसित है।
इसका समाधान ऊँ ध्वनि के उच्चारण में निहित है। इस शक्तिसंपन्न ध्वनि से सकारात्मक ऊर्जा का प्रादुर्भाव होता है। इस महानुष्ठान का प्रमुख उद्देश्य मानव की मानसिक शांति के साथ-साथ सामाजिक स्तर पर और विश्व शांति की स्थापना करना है।
आत्मा का परमात्मा से मिलन
ऊँ ध्वनि का वास्तविक अर्थ है आत्मा का परमात्मा से मिलन। संपूर्ण विश्व में बंधुत्व की भावना जागृत हो, सभी एक सूत्र में बंधे और युवाओं को सकारात्मक दिशा मिले, इन्ही मंगल भावनाओं को लेकर यह अनुष्ठान किया जा रहा है।
सर्व कल्याणकारी यह अनुष्ठान धर्म, जाति-सम्प्रदाय से परे है, इसमें किसी भी धर्म, सम्प्रदाय-जाति के लोग शामिल हो सकते हैं। उन्होंने महाशिवरात्रि के इस महानुष्ठान में अधिक से अधिक सहभागी होकर दिव्य ऊँ ध्वनि की सकारात्मक ऊर्जा को अनुभूत करने का आह्वान जनमानस से किया है।