मौसम में जारी है उतार-चढ़ाव
भोपाल । जनवरी माह में तापमान में उतार चढ़ाव का दौर जारी है। इसी क्रम में राजधानी भोपाल सहित पूरे मध्य प्रदेश में बुधवार-गुरुवार को न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। दिन के तापमान में भी मामूली कमी रिकॉर्ड की गई। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक शुक्रवार से तापमान में फिर बढ़ोतरी का सिलसिला शुरू हो सकता है। उधर 25 जनवरी के बाद एक बार फिर न्यूनतम तापमान में गिरावट का सिलसिला शुरू होने के आसार हैं।
वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला के मुताबिक हवा का रुख उत्तर-पूर्वी होने से साथ ही हवा की रफ्तार 12 किलोमीटर प्रति घंटा रहने से तापमान में गिरावट का सिलसिला शुरू हो गया है। उधर पिछले दिनों उत्तर प्रदेश से उत्तरी मध्यप्रदेश से होकर कोंकण-गोवा तक बनी द्रोणिका लाइन (ट्रफ) समाप्त हो गई है। इससे वातावरण में नमी कम होने लगी है। इससे भी दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। अजय शुक्ला के मुताबिक शुक्रवार को एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत स्थित हिमालय की तराई में दाखिल होने जा रहा है। इसके प्रभाव से हवा का रुख बदलेगा। इससे वातावरण में फिर नमी आने लगेगी। इससे बादल छाएंगे और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होने लगेगी। साथ ही मध्य प्रदेश में कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी हो सकती है। इस सिस्टम के 25 जनवरी को उत्तर भारत से आगे बढ़ जाने की संभावना है। उसके बाद हवा का रुख बदलकर फिर उत्तरी होने लगेगा। इससे फिर तापमान में गिरावट का सिलसिला शुरू हो जाएगा और ठंड बढ़ेगी!