छत्तीसगढ़

आज भी हो सकती है बारिश, तापमान में नहीं होगा बदलाव

रायपुर। चक्रीय चक्रवात के प्रभाव से बीते दो दिनों से प्रदेश के मौसम में बदलाव हुआ है। शुक्रवार सुबह और रात में राजधानी समेत प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बादल छाए रहे और बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि शनिवार को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा और गरज-चमक के साथ छीटे पड़ने की संभावना है।
मौसम विभाग का कहना है कि हल्की बारिश व बदली छाने के बाद भी अधिकतम व न्यूनतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा। 21 मार्च तक ही मौसम थोड़ा सामान्य होने के आसार बने हुए हैं। शुक्रवार को प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान राजधानी रायपुर व दुर्ग में 36.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
हालांकि बदली छाए रहने व हवाएं चलने के कारण गर्मी से लोगों को राहत मिली। सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर का 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि एक चक्रीय चक्रवाती घेरा विदर्भ के ऊपर 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक स्थित है।
प्रदेश में दक्षिण से नमी युक्त गर्म हवा और उत्तर पश्चिम से गर्म हवा का मिलन क्षेत्र बन रहा है। इसके प्रभाव से प्रदेश के मध्य व उत्तर भाग में बादल छाए हुए हैं। साथ ही एक दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ अंधड़ चलने, आकाशीय बिजली गिरने व ओलावृष्टि की संभावना है।
सब्जियों के लिए नुकसान
विशेषज्ञों का कहना है कि इस प्रकार से हो रही बारिश व बदली मुख्य रूप से सब्जियों के लिए नुकसानदायक है। पिछले दिनों भी असमय हुई बारिश की वजह से सब्जियों को नुकसान पहुंचा था।

Patrika Look

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *