बिलासपुर। कौआ के बाद रतनपुर में बाज की मौत होने से हड़कंप मच गया है। बर्ड फ्लू की आशंका से भयभीत लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पशु चिकित्सा विभाग को दी। विभाग का अमला शाम को मौके पर पहुंचा। लेकिन बाज का शव नहीं मिला। अंधेरा होने के कारण शव नजर ही नहीं आया। गुरुवार को दोबारा शव को ढूंढने का प्रयास किया जाएगा।
बर्ड फ्लू को लेकर लोगों में दहशत है। यही वजह है कि पक्षियों की मौत की सूचना से ही दहशत फैल जा रही है। रतनपुर में पक्षियों की मौत की घटनाएं लगातार हो रहीं है। दो दिन पहले गांधी नगर में एक कौआ मृत मिला था। इसकी भी सूचना पशु चिकित्सा विभाग को नहीं थी। जब वे पहुंचे तो रात हो चुकी थी। दूसरे दिन मृत कौआ नाली में पड़ा मिला। जिसे जांच के बाद यह कह दिया गया कि मौत की वजह करेंट है।
इस घटना को गुजरे एक दिन ही हुए है कि बुधवार को दोबारा एक और मोहल्ले में बाज मृत मिला। इस घटना की सूचना मिलने के बाद लोग डर गए। वे समझने लगे की मौत बर्ड फ्लू की वजह से हो सकती है। आसपास के लागों से पूछताछ की गई। इस पर मृत बाज मिलने की पुष्टि भी की गई। कुछ लोगों ने मोबाइल पर मृत बाज की फोटो भी दिखाई। इस देखकर ही अमले ने शव को ढूंढने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा।
घटना की सूचना मिली थी। इसके बाद शाम को मौके पर पहुंचे। कुछ लोगों ने इसकी पुष्टि भी की। शव को ढूंढने का प्रयास भी किया गया, लेकिन अंधेरा होने के कारण नजर नहीं आया। गुरुवार को दोबारा जांच की जाएगी।