बठेना कांड के खिलाफ भाजपा ने किया प्रदर्शन
कांकेर। दुर्ग जिले में पाटन थाना क्षेत्र के ग्राम बठेना में 6 मार्च को एक ही परिवार के 5 सदस्यों की संदेहास्पद मौत के मामले को लेकर शहर के पूराने बस स्टेण्ड में भाजपा अनूसूचित जाति मोर्चा ने प्रदेश सरकार के खिलाफ एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। भाजपाइयों ने मामले की जांच कराए जाने की मांग की। इस दौरान भाजपा नेता प्रदेश की काग्रेस सरकार के खिलाफ जमकर बरसे।
शहर के पुराने बस स्टैंड में रविवार को भाजपा अनूसूचित जाति मोर्चा व भाजपा द्वारा एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया। सभा के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष सतीश लाटिया ने भूपेश सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि दुर्ग जिले के पाटन क्षेत्र के ग्राम बठेना सतनामी समाज के एक ही परिवार के पांच सदस्यों की नृशंस हत्या हुई है। जिस क्षेत्र में यह घटना घटी है वह छत्तीसगढ़ सरकार के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का विधानसभा क्षेत्र पाटन है। जहां सिलसिलेवार इस प्रकार की कई घटनाएं घट रही है। इससे पहले ग्राम खुड़मुड़ा में चार लोगों की हत्या हो गई थी। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में सरकार के खिलाफ भाजपा द्वारा जनता की सुरक्षा के मुद्दे को लेकर आंदोलन किया जा रहा है।
बस्तर से लेकर सरगुजा तक आदिवासी समाज के साथ भी अत्याचार बढ़ा है। सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। उन्होंने कहा कि हमने तो अलीबाबाल और चालीस चोरों की कहानी सुनी थी, परंतु छत्तीसगढ़ में अलीबाबा के साथ 70 चोरों की सरकार है। पूरी सरकार भ्रष्टचार व लूटमार में डुबी हुई है। पूर्व विधायक भोजराज नाग ने कहा कि महिलाओं की हत्या हो रही है, उनके साथ दुष्कर्म की घटनाएं बढ़ी है। किसानों को बारदाने के लिये भटकना पड़ा। बेरोजगारों को बेरोजगारी भत्ता नही मिला। जब से प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आई है अराजकता बढ़ गई है।
पूर्व विधायक सुमित्रा मारकोले ने कहा कि प्रदेश में भूपेश सरकार आने के बाद मात्र ढाई वर्षो में ही प्रदेश में भय, भ्रष्टाचार बढ़ गया है। प्रदेश में सामूहिक दुष्कर्म के साथ साथ सामूहिक हत्या भी होने लगी है। सरकार तानाशाही रवैया अपना रही है। कानून व्यवस्था लचर हो चुकी है। जिला महामंत्री बृजेश चौहान ने कहा कि वर्तमान में कांग्रेस की सरकार में कानून व्यवस्था बद से बदतर है। पूरे प्रदेश मे लोग कांग्रेस शासन से त्रस्त है।
जिला महामंत्री दिलीप जायसवाल ने सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि जब मुख्यमंत्री के गृह क्षेत्र में लोग सुरक्षित नहीं है तो बाकी प्रदेश का क्या हाल होगा संमझ सकते है। पांच लोगों की संदिग्ध मौत हो जाती है और कांग्रेस प्रशासन के दबाव में पुलिस इसे आत्महत्या साबित करने में लगी। कांकेर में बनी सीसी रोड में खुलेआम भ्रष्टाचार हुआ है।
भाजपा महिला मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष शालिनी राजपूत ने कहा कि प्रदेश की प्रदेश में भ्रष्ट सरकार आ गई है । कांग्रेस शासन में प्रदेश की कानून व्यवस्था चरमरा गई है । प्रदेश में न तो महिलाएं और न ही आम जन सुरक्षित है। वरिष्ठ भाजपा नेता महावीर सिंह राठौर ने शहर में निर्माण कार्यो में हुई अव्यवस्थाओं के लिये कांग्रेस सरकार को कोसा। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के अधिकारों के लिए सड़क पर उतर कर लड़ रही है। इस दौरान सभा को अन्य भाजपा नेताओं ने भी संबोधित किया। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपाई मौजूद थे।