छत्तीसगढ़

 मैं भारत हूं” थीम पर भव्य बाइक-स्कूटी रैली, गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज

रायपुर। पत्रिका लुक (भावेश जैन)

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रायपुर में “मैं भारत हूं” थीम पर भव्य बाइक-स्कूटी रैली का आयोजन किया गया। मातृशक्ति की ऐतिहासिक भागीदारी से सजी इस रैली में 2000 से अधिक महिलाओं ने हिस्सा लिया और राष्ट्रभक्ति, अनुशासन तथा महिला सशक्तिकरण का सशक्त संदेश दिया। अपनी विशिष्टता और व्यापक सहभागिता के कारण यह रैली Golden Book of World Records में दर्ज की गई।

रैली का शुभारंभ माँ काली मंदिर से हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक वंदे मातरम् गान के साथ की गई। इसके बाद अखिल भारतीय धर्मजागरण समन्वय कार्यसमिति सदस्य राजेंद्र प्रसाद श्रीवास्तव और विभा अवस्थी ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली का नेतृत्व महिला पुलिस कर्मियों के अनुशासित दस्ते ने किया, जिसके पीछे हजारों महिलाएं हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक आगे बढ़ीं।

यह रैली माँ काली मंदिर से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए श्रीराम मंदिर, वीआईपी चौक पर संपन्न हुई। रास्ते भर नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर रैली का स्वागत किया। कार्यक्रम की संयोजिका डॉ. भारवि वैष्णव और सह-संयोजिका तथा नगर निगम पार्षद डॉ. अनामिका सिंह के नेतृत्व में पूरे आयोजन का सफल संचालन किया गया।

समापन समारोह में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा भी शामिल हुए। उन्होंने महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि यातायात नियमों के पालन का संदेश देने के लिए महिलाओं द्वारा निकाली गई यह स्कूटी रैली गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज होना पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और हर सफल व्यक्ति के पीछे किसी न किसी महिला का योगदान होता है।

गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड के अधिकृत उद्घोषक सोनल शर्मा ने घोषणा करते हुए बताया कि समाज में सकारात्मक संदेश देने और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस रैली को रिकॉर्ड में शामिल किया गया है।

कार्यक्रम में राजेंद्र सिंह और डॉ. वर्णिका शर्मा ने भी संबोधित किया। आयोजन के अंत में सभी प्रतिभागियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और आदर्श नागरिक कर्तव्यों के पालन का संकल्प लिया। हाथों में तिरंगा और “भारत माता की जय” के उद्घोष के साथ यह रैली महिला शक्ति, संस्कार और आत्मविश्वास का प्रेरक उदाहरण बन गई।

Patrika Look