बिलासपुर। शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रमोद नायक की टीम में 263 कांग्रेसियों को जगह मिली है। गुस्र्वार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री (प्रशासन) रवि घोष ने शहर कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी घोषित कर दी है। जारी सूची में 263 सदस्यों को शामिल किया गया है। वरिष्ठ कांग्रेसियों के अलावा युवाओं को मौका दिया गया है।जिला शहर कांग्रेस कमेटी कार्यकारिणी के लिए जारी सूची में 32 स्थाई सदस्य, 56 विशेष आमंत्रित सदस्य, दो प्रवक्ता, दो कार्यालय सचिव, एक कोषाध्यक्ष, 12 उपाध्यक्ष, 13 महामंत्री, पांच कार्यकारिणी सदस्य, 56 संयुक्त महामंत्री व 52 सचिव बनाए गए हैं। कोषाध्यक्ष के पद पर नसीम खान की नियुक्ति की गई है। ऋषि पांडेय और मोहम्मद जस्सास को पुन: प्रवक्ता की जिम्मेदारी दी गई है। एल्डरमैन सुभाष ठाकुर और रामचंद्र क्षत्री को कार्यालय सचिव की जिम्मेदारी दी गई है।शहर अध्यक्ष प्रमोद नायक की टीम में सोशल इंजीनियरिंग पर पूरी तरह जोर दिया गया है। सामाजिक समीकरणों के साथ ही क्षेत्रीय संतुलन की कवायद भी दिखाई दे रही है। कार्यकारिणी गठन में युवाओं पर फोकस किया गया है। संगठनात्मक कामकाज के अनुभव वाले कांग्रेसियों को तव्वजो दी गई है। उनके अनुभवों का लाभ मौजूदा टीम को मिलेगा। प्रमोद की टीम में वरिष्ठ कांग्रेसजनों को विशेषतौर महत्व दिया गया है।