
कोण्डागांव । पत्रिका लुक
जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित प्रेसवार्ता में पूर्व मंत्री मोहन मरकाम ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले पौने दो साल में प्रदेश से लगभग 5 लाख गायें गायब हो गई हैं। इस दौरान 2500 से अधिक गायों की मौत सड़क हादसों और भूख-प्यास से हुई है।
मरकाम ने कहा कि भाजपा सरकार ने कांग्रेस शासनकाल की गौठान और गोबर खरीदी योजना को बंद कर दिया, जिसके कारण मवेशियों के चारे-पानी की व्यवस्था ठप हो गई। परिणामस्वरूप बड़ी संख्या में गोवंश की मौत हो रही है और तस्करी कर उन्हें अन्य राज्यों के स्लाटर हाउस भेजा जा रहा है।
उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार में 2023 तक प्रदेश में 10,800 गौठान संचालित थे, जिनमें गोवंश की देखरेख होती थी। भाजपा सरकार ने न गौठान चलाए, न गो अभ्यारण्य और न ही गोधाम बनाए। कांग्रेस ने मांग की है कि सभी गौठान तत्काल चालू किए जाएं और मवेशियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
प्रेसवार्ता में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष देवचंद मतलाम, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष झूमूकलाल दीवान, प्रदेश सचिव सकुर खान, प्रभारी महामंत्री रितेश पटेल, जिला उपाध्यक्ष तरुण गोलछा, ब्लॉक अध्यक्ष संजय करन और सोशल मीडिया प्रभारी गीतेश बघेल मौजूद रहे।