छत्तीसगढ़

राजधानी हॉस्पिटल अग्निकांड मामला, दो फरार डॉक्टरों की गिरफ्तारी पर शांत पड़ी पुलिस

रायपुर। राजधानी अस्पताल अग्निकांड में सात कोरोना मरीजों की मौत में मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजे गए दो डॉक्टर जमानत पर रिहा हो चुके हैं। वहीं, दो अन्य फरार चल रहे डॉक्टरों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस भी शांत पड़ गई है। इससे पुलिस पर उपरी दबाव में गिरफ्तारी न करने के आरोप भी लग रहे हैं। हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार दो डॉक्टरों की तलाश जारी है।

वे रायपुर से गायब हैं। उनकी तलाश में पुलिस टीम संभावित स्थानों पर रवाना करने की तैयारी है। फिलहाल डॉक्टरों का कोई सुराग नहीं मिल पा रहा है। पचपेढ़ी नाका स्थित राजधानी सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में पिछले महीने भीषण अग्निकांड में कोरोना संक्रमित सात मरीजों की मौत हो गई थी। मामले में दोषी पाए गए दो डॉक्टर सचिन मल्ल और आनिंदो राय को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।

कुछ दिन बाद ही दोनों कोर्ट से जमानत पर रिहा हो गए। जबकि अभी तक डॉ.विनोद कुमार लालवानी और संजय जाधवानी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। पुलिस टीम ने दोनों डॉक्टरों के अवंति विहार और देवेंद्रनगर स्थित घर में दबिश दी थी, लेकिन वे नहीं मिले।

हालांकि, रसूखदार डॉक्टरों ने आखिर तक प्रशासन पर दबाव बनाकर बचने की कोशिश की थी। जांच एजेंसियों को न केवल गुमराह किया बल्कि ऊपरी दबाव भी बनाया। मगर, जब प्रशासन पर सवाल उठने लगे तब जिम्मेदारों ने लापरवाही बरतने वाले डॉक्टरों पर शिंकजा कसा।

गिरफ्तारी के बाद पेश करेंगे चालान

टिकरापारा पुलिस थाना प्रभारी संजीव मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तारी और जेल जाने के डर से दोनों डॉक्टर फिलहाल शहर से गायब हैं। राजधानी अस्पताल अग्निकांड मामले की बिजली विभाग, फायर सेफ्टी विभाग और एफएसएल की जांच रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है। इसी के आधार पर आरोपित डॉक्टरों की गिरफ्तारी की गई थी। फरार दोनों डाक्टरों के मोबाइल लोकेशन ट्रेस किए जा रही हैं। उनकी गिरफ्तारी के बाद ही चालान तैयार कर कोर्ट में पेश किया जाएगा।

Patrika Look

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *