देश विदेशबड़ी खबर

कुएं से ज्यादा गहरा निकला पति का प्रेम

भोपाल। बिहार में एक थे दशरथ मांझी। उन्होंने रास्ते के लिए अकेले पहाड़ ही काट डाला। वजह थी पत्नी के प्रति प्रेम। उतना तो नहीं लेकिन कुछ इसी तरह का जज्बा दिखाया है मध्य प्रदेश के गुना जिले के भानपुरा बाबा गांव के भारत सिंह मेर ने। उनकी पत्नी आधा किमी दूर हैंडपंप पर पानी भरने जाती थी, उसकी रोज की यह मशक्कत उनसे देखी नहीं गई। 46 साल के भारत सिंह ने घर पर ही 31 फीट गहरा कुआं खोद दिया। मेर के इस प्रेम को देखकर जिले के कलेक्टर ने भी उन्हें सलाम किया है।

पत्नी को पानी भरने आधा किमी दूर जाना पड़ता था, रोज की परेशानी से बचाने किया अनूठा काम

दरअसल, भारत सिंह की पत्नी सुशीला बाई जिस हैंडपंप पर जाती थीं, उसकी स्थिति भी कुछ खास अच्छी नहीं थी। अकसर उसकी चेन टूट जाती थी। सुशीला बाई बार-बार इससे परेशान होतीं और कभी-कभी तो उन्हें बिना पानी लिए ही लौटना पड़ता था। यह बात भारत सिंह के मन में इतनी गहरी बैठी कि दो महीने पहले घर के बाहर कुआं खोदने की ठान ली। भारत सिंह ने 15 दिन में करीब 31 फीट गहरा और साढ़े चार फीट चौड़ा कुआं खोद दिया। इतना ही नहीं, एक महीने में उसे पक्का कर आधा बीघा जमीन की सिंचाई भी कर डाली। भारत सिंह का कहना है कि पिछले कई महीनों से पत्नी को परेशान होते देख रहा था। एक दिन पत्नी बहुत उदास हो गई और मैंने खुद का कुआं खोदने की ठान ली।पहले दिन गैती-फावड़ा चलाया, तो पत्नी ने उड़ाया पति का मजाक

भारत सिंह ने बताया, ‘पहले दिन जब मैंने कुआं खोदने के लिए गैती और फावड़ा चलाया तो सुशीला मजाक उड़ाने लगी। पत्नी का कहना था कि मैं कुआं नहीं खोद पाऊंगा, उसके इस परिहास ने मेरे निर्णय को और मजबूत कर दिया। पांच दिन के भीतर ही करीब 15 फीट तक खोदाई कर दी।’ अब सुशीला कहती हैं कि जीवन में पैसा ही सब कुछ नहीं है, ऐसा प्रेम करने वाला पति किस्मत वालों को ही मिलता है।

Patrika Look

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *