कुएमारी कैंप में जवानों का दरबार, एसपी ने समस्याएं सुनीं, उत्कृष्ट कार्य पर इनाम की अनुशंसा

केशकाल। पत्रिका लुक (नरेंद्र सेठिया)
पुलिस अधीक्षक कोंडागांव पंकज चंद्रा द्वारा थाना केशकाल क्षेत्र अंतर्गत स्थित कुएमारी कैंप एवं प्रस्तावित नवीन थाना भवन कुएमारी का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कैंप में तैनात CAF बटालियन की बी कंपनी तथा जिला बल के जवानों का दरबार लेकर उनसे व्यक्तिगत जानकारी प्राप्त की गई। इस दौरान जवानों की समस्याएं, सुझाव और आवश्यकताओं को गंभीरता से सुना गया।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारी-कर्मचारियों की पारिवारिक पृष्ठभूमि की जानकारी लेते हुए उनके स्वास्थ्य एवं कुशलक्षेम के बारे में पूछताछ की। साथ ही हाई स्कूल, हायर सेकेंडरी एवं उच्च शिक्षा से संबंधित विषयों पर चर्चा करते हुए अधिकारियों-कर्मचारियों के बच्चों को शासन एवं पुलिस प्रशासन की ओर से मिलने वाली शैक्षणिक योजनाओं की जानकारी दी गई। इन योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने के लिए कार्ययोजना तैयार किए जाने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के अंत में कैंप में पदस्थ CAF एवं जिला बल के जवानों को उत्कृष्ट सेवा के लिए शाबाशी दी गई तथा उनका मनोबल बढ़ाया गया। कैंप में संचालित विशेष कार्य योजनाओं का अवलोकन कर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने हेतु उचित इनाम की अनुशंसा भी की गई। निरीक्षण से जवानों में उत्साह और कार्य के प्रति प्रतिबद्धता और मजबूत हुई।