छत्तीसगढ़

राज्यपाल रमेन डेका ने छत्तीसगढ की 6 वीं विधानसभा के अष्टम् सत्र को संबोधित किया

रायपुर। पत्रिका लुक (भावेश जैन)

छत्तीसगढ़ की 6वीं विधानसभा के अष्टम सत्र में राज्यपाल रमेन डेका ने अभिभाषण प्रस्तुत किया। विधानसभा पहुंचने पर उनका स्वागत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह तथा नेता प्रतिपक्ष डॉ चरण दास महंत ने किया।

अभिभाषण में राज्य स्थापना की रजत जयंती, विकसित छत्तीसगढ़ के विजन 2047, किसान कल्याण, महिला सशक्तिकरण, जनजातीय उत्थान, नक्सल उन्मूलन, शिक्षा-स्वास्थ्य विस्तार, औद्योगिक निवेश, अधोसंरचना विकास और सांस्कृतिक संरक्षण जैसे विषयों पर सरकार की उपलब्धियां और योजनाएं प्रस्तुत की गईं।

राज्यपाल ने उल्लेख किया कि राज्य की नई विधानसभा भवन का लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किया गया। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को राज्य निर्माण का श्रेय देते हुए उनके संकल्प को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई गई।

मुख्य बिंदु इस प्रकार रहे:

  • कृषि और किसान कल्याण: 25 लाख से अधिक किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी, ‘कृषक उन्नति योजना’, दलहन-तिलहन प्रोत्साहन, पाम ऑयल टॉपअप अनुदान, जैविक खेती विस्तार।
  • महिला सशक्तिकरण: ‘महतारी वंदन योजना’ के तहत 69 लाख महिलाओं को प्रतिमाह आर्थिक सहायता, ‘मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना’ का रिकॉर्ड आयोजन।
  • जनजातीय विकास: वनाधिकार पट्टों का वितरण, तेंदूपत्ता संग्रहण मूल्य वृद्धि, एकलव्य विद्यालयों की उपलब्धियां, ‘पीएम जनमन योजना’ और ‘धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान’।
  • नक्सल उन्मूलन और विकास: आत्मसमर्पण नीति, मोबाइल टॉवर स्थापना, सड़क-पुल निर्माण, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार।
  • स्वास्थ्य सेवाएं: आयुष्मान कार्ड वितरण, नए मेडिकल कॉलेज, सिकल सेल उन्मूलन में अग्रणी राज्य।
  • शिक्षा और युवा: नवा रायपुर को एजुकेशन हब के रूप में विकसित करना, प्रतियोगी परीक्षाओं में आयु सीमा में छूट, स्टार्टअप नीति 2025-26।
  • औद्योगिक एवं अधोसंरचना विकास: 7.83 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव, रेलवे और एक्सप्रेस-वे परियोजनाएं, ऊर्जा क्षेत्र में बड़े निवेश प्रस्ताव।
  • पर्यटन और संस्कृति: राजिम कुंभ, गिरौदपुरी धाम विकास, बस्तर पंडुम आयोजन, चित्रोत्पला फिल्म सिटी निर्माण।

अभिभाषण के अंत में राज्यपाल ने विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सभी सदस्यों से सक्रिय योगदान की अपील की और सत्र की शुभकामनाएं दीं।

Patrika Look