छत्तीसगढ़

जामगांव में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित

कोण्डागांव । पत्रिका लुक

राज्य शासन के निर्देशानुसार केशकाल विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम जामगांव में शुक्रवार को जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने विभागीय स्टालों का निरीक्षण कर प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि जनसमस्या निवारण शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में ही लोगों की समस्याओं का समाधान करना और शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने संबंधित विभागों को शिविर में प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर पन्ना ने वन, श्रम, छात्रवृत्ति, बीमा सहित अन्य विभागीय योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की। साथ ही उन्होंने कहा कि केशकाल क्षेत्र के ग्रामीणों को अपनी मांगों एवं समस्याओं के लिए जिला मुख्यालय आने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि जनपद पंचायत केशकाल में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से साप्ताहिक जनदर्शन में अपनी बात रख सकते हैं।
इस अवसर पर केशकाल डीएफओ दिव्या गौतम ने ग्रामीणों से वनों को आग से बचाने की अपील की। जनपद पंचायत अध्यक्ष नंदनी पोटाई ने भी शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।
शिविर में कुल 172 आवेदन प्राप्त हुए तथा विभिन्न विभागों द्वारा 17 हितग्राहियों को व्हीलचेयर, ट्राइसिकल, ब्लाइंड स्टिक, मछली जाल, राशन कार्ड एवं अनुदान सामग्री वितरित की गई। शिविर में जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई, एसडीएम आकांक्षा नायक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Patrika Look