मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 28 फरवरी को राज्य के अन्नदाताओं को जारी करेंगे 10 हजार 324 करोड़ रुपये की आदान सहायता

छत्तीसगढ़ सरकार की कृषक उन्नति योजना से किसानों को होली का उपहार
बिलासपुर के बिल्हा में राज्य स्तरीय कार्यक्रम, सभी विकासखंडों में राशि वितरण
रायपुर। पत्रिका लुक (भावेश जैन)
छत्तीसगढ़ सरकार 28 फरवरी को होली पर्व से पूर्व राज्य के अन्नदाताओं को बड़ी सौगात देने जा रही है। सरकार द्वारा कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत किसानों को 10 हजार 324 करोड़ रुपये की आदान सहायता सीधे उनके बैंक खातों में अंतरित की जाएगी। इस योजना का लाभ राज्य के 25 लाख 28 हजार किसानों को मिलेगा।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन बिलासपुर जिले के बिल्हा विकासखंड स्थित रहंगी खेल मैदान में किया जाएगा। दोपहर 12 बजे से आयोजित वृहद किसान सम्मेलन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय किसानों के खातों में राशि जारी करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता केन्द्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू करेंगे। वहीं उपमुख्यमंत्री अरूण साव एवं विजय शर्मा, तथा कृषि मंत्री रामविचार नेताम विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
उल्लेखनीय है कि सरकार ने होली से पहले किसानों को धान के मूल्य अंतर की राशि एकमुश्त देने का निर्णय लिया था, जिसे अब अमल में लाया जा रहा है। कृषक उन्नति योजना के तहत छत्तीसगढ़ सरकार किसानों को धान का 3100 रुपये प्रति क्विंटल मूल्य दे रही है, जो देश में सर्वाधिक है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में राज्य के किसानों से 141 लाख मीट्रिक टन धान का उपार्जन किया गया।
अब तक इस योजना के माध्यम से किसानों को 35 हजार करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी जा चुकी है। समर्थन मूल्य, कृषक उन्नति योजना एवं अन्य किसान हितैषी योजनाओं के जरिए 1.50 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे किसानों के खातों में अंतरित की गई है। सरकार की इन नीतियों से खेती-किसानी को मजबूती मिल रही है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था सशक्त हो रही है।