छत्तीसगढ़

नारी शक्ति इस देश के विकास की धुरी, अंतिम पंक्ति की महिलाओं तक विकास पहुंचाने के लिए हम कृत संकल्पित- राज्यपाल रमेन डेका

रायपुर। पत्रिका लुक (भावेश जैन)

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस और रंग पंचमी के अवसर पर लोकभवन में महिला सम्मान समारोह और फूलों की होली कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, स्वास्थ्य, चिकित्सा, उद्यम और पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं ने भाग लिया।

इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका ने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आई महिलाओं का सम्मान किया। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता और आदिवासी विकास के क्षेत्र में जमीनी स्तर पर काम करने वाली महिलाओं, स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के योगदान की सराहना की। राज्यपाल ने कहा कि नारी शक्ति देश के विकास की धुरी है और महिलाओं के बिना समाज का समग्र विकास संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस हमें महिला समानता और सशक्तिकरण की दिशा में निरंतर कार्य करने के लिए प्रेरित करता है।

राज्यपाल ने कहा कि केंद्र सरकार की बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, वन स्टॉप सेंटर योजना और महिला हेल्पलाइन जैसी योजनाएं महिलाओं के सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। साथ ही राज्य सरकार की महतारी वंदन योजना, मुख्यमंत्री नोनी सशक्तीकरण सहायता योजना, किशोरी शक्ति योजना और सुकन्या समृद्धि योजना भी महिलाओं और बालिकाओं के विकास में सहायक हैं।

कार्यक्रम में आमंत्रित वक्ता डॉ. शम्पा चौबे ने महिलाओं को मानसिक रूप से मजबूत बनने की प्रेरणा दी। शिक्षिका रंजीता साहू ने वनांचल क्षेत्रों में शिक्षा के लिए किए गए अपने कार्यों के अनुभव साझा किए और बताया कि उन्होंने बैंक ऋण लेकर दूरस्थ क्षेत्रों के 162 स्कूलों में स्मार्ट टीवी के माध्यम से आधुनिक शिक्षा की पहल की है। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी नेहा यादव ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी मां को देते हुए बताया कि कठिन परिस्थितियों में भी उनकी मां ने उनका पालन-पोषण कर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर कई महिलाओं को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जीएसटी से संबंधित एक ई-बुक का विमोचन भी किया गया। अंत में उपस्थित महिलाओं ने फूलों की होली खेलकर रंग पंचमी की शुभकामनाएं दीं तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम और क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया।

Patrika Look