बड़ी खबर

बिरगांव नगर निगम में आज हो रहा वार्डों का आरक्षण, अब जून में हो सकता है चुनाव, बिठाना पड़ेगा प्रशासक

छत्तीसगढ़ के एक दर्जन नगरीय निकायों में दिसम्बर 2020 में प्रस्तावित चुनाव नहीं हो पाए। अब जून महीने तक चुनाव कराने की तैयारी की जा रही है। बिरगांव नगर निगम के लिए आज वार्डों में आरक्षण की प्रक्रिया शुरू हुई। यहां एक फरवरी को मौजूदा पदाधिकारियों-पार्षदों का कार्यकाल खत्म हो रहा है।

प्रदेश के कई नगर निगमों में कोरोना संक्रमण की वजह से चुनाव आयोग और स्थानीय प्रशासन चुनाव की तैयारियां तक नहीं कर पाए। अब जिन निकायों का कार्यकाल खत्म हो रहा है वहां प्रशासक बिठाने की तैयारी चल रही है। राज्य सरकार ने जामुल नगर पालिका और कोंटा नगर पंचायत में प्रशासकों की नियुक्ति कर दी है। दुर्ग के SDM को नगर पालिका परिषद जामुल का प्रशासक बनाया गया है। जामुल नगर पालिका की पहली बैठक 10 अक्टूबर 2015 को हुई थी।

नगर पंचायत कोंटा में भी सुकमा जिले के SDM को प्रशासक बनाया गया है। कोंटा नगर पंचायत की पहली बैठक 20 जनवरी 2016 को हुआ था। अब यही अधिकारी वहां का कामकाज देखेंगे। सरकार इससे पहले नवगठित नगर निगम रिसाली में प्रशासक की नियुक्ति कर चुकी है।

यह है पहली बैठक का महत्व

नगर पालिक निगम कानूनों के मुताबिक चुनाव के बाद बने निकाय में नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों की पहली बैठक से ही कार्यकाल की शुरुआत मानी जाती है। इस पहली बैठक को कार्यकाल खत्म होने की गणना का आधार माना जाता है। इसलिए इससे पहले चुनाव कराना जरूरी होता है। अगर ऐसा नहीं हो पाया तो कार्यकाल खत्म होने पर निकाय भंग हो जाता है और सामान्य कामकाज के लिए प्रशासक की नियुक्ति की जाती है।

राज्य निर्वाचन आयोग के अधिकारिक सूत्रों के मुताबिक अब जून में नगरीय निकायों के चुनाव हो सकते हैं। इसके लिए निर्वाचक नामावली तैयार करने का कार्य 25 जनवरी से शुरु हुआ है। निर्वाचन नामावली का प्रारंभिक प्रकाशन, दावे और आपत्तियां प्राप्त करने का कार्य 1 मार्च को और निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 26 मार्च को होगा।

9 जिलों के 12 नगरीय निकायों में चुनाव

प्रदेश के 9 जिलों की 12 नगरपालिकाओं में चुनाव होने हैं। इनमें सूरजपुर जिले की नगर पंचायत प्रेमनगर, कोरिया जिले की नगर पालिका परिषद बैकुंठपुर और नगर पालिका परिषद शिवपुरचरचा, बिरगांव नगर निगम, नगरपालिका परिषद जामुल, नगरपालिक निगम रिसाली, बेमेतरा जिले की नगर पंचायत मारो, राजनांदगांव जिले की नगर पालिका परिषद खैरागढ़, सुकमा जिले की नगर पंचायत कोंटा, कांकेर जिले की नगर पंचायत नरहरपुर, बीजापुर जिले की नगर पंचायत भैरमगढ़ और नगर पंचायत भोपालपट्नम शामिल हैं।

Patrika Look

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *