राजधानी की तर्ज पर प्रदेश भर में बनेगा पिंक केयर
रायपुर। राजधानी की तर्ज पर प्रदेश भर में पिंक केयर का निर्माण किया जाएगा। महिला दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने यह घोषणा की है। मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद अधिकारियों ने कार्ययोजना बनानी शुरू कर दी है।
पिंक केयर का निर्माण वर्तमान में स्मार्ट सिटी द्वारा राजधानी के शास्त्री बाजार और पंडरी कपड़ा मार्केट में किया गया है। महिलाओं में पिंक केयर को लेकर बेहतर प्रतिसाद मिल रहा है, इसलिए राजधानी की तर्ज पर प्रदेश भर में इसे लागू किया जाएगा।
स्मार्ट सिटी से मिली जानकारी के अनुसार वर्तमान में राजधानी में महिलाओं के लिए पंडरी कपड़ा मार्केट में 19.40 लाख और शास्त्री बाजार में 18.30 लाख की लागत से पिंक केयर का निर्माण किया गया है।
वर्तमान में स्मार्ट द्वारा पांच पिंक केयर का निर्माण किया जाना है, जिसमें बूढ़ातालाब, तेलीबांधा तालाब, गोल बाजार आदि इलाकों में निर्माण कार्य किया जाना है। नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि इस स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत शहर को स्वच्छ रखने के लिए कार्य योजना तैयार की गई है।
पिंक केयर की यह है खासियत
पिंक केयर में महिलाओं के लिए यहां पर सेनेटरी पैड मशीन लगाई गई है। इसके साथ ही बेबी फीडिंग रूम, प्रतीक्षालय, स्वागत कक्ष, चार टायलेट कक्ष, गर्म पानी हेतु गीजर, आगंतुक महिलाओं के लिए एलईडी टीवी लगाया गया है।
स्मार्ट सिटी के अधिकारी ने बताया कि करीब 500 वर्ग फीट में एक-एक टायलेट बनाया जाएगा, जिसकी लागत 17 लाख रुपये है। सभी टायलेट आपरेशन एंड मेंटेनेंस आधार पर निजी एजेंसी को दिए गए हैं।