छत्तीसगढ़

सवाल पूछने में कांग्रेसी विधायक फिसड्डी, नंबर एक पर कौशिक

रायपुर छत्तीसगढ़ विधानसभा में सवाल पूछने में बस्तर और सरगुजा के कांग्रेस विधायक फिसड्डी साबित हुए हैं। पांचवीं विधानसभा के सात सत्र में कांग्रेस विधायक देवेंद्र बहादूर सिंह ने सिर्फ आठ सवाल पूछे हैं। यही नहीं, मोहित राम ने 12 और विक्रम मंडवी ने 14 सवाल पूछे हैं।
प्रश्न पूछने के मामले में नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक सबसे आगे हैं। कौशिक ने अब तक के सभी सत्र में कुल 358 सवाल पूछे हैं। विधानसभा में कांग्रेस और भाजपा के दो-दो विधायकों को उत्कृष्ट विधायक चुना। उत्कृष्ट विधायकों की उपस्थिति और सवाल पूछने के परफार्मेंस को देखें तो भाजपा विधायक सौरभ सिंह नंबर एक पर हैं।
उत्कृष्ट विधायक सौरभ सिंह ने 353, अरुण वोरा ने 339, नारायण चंदेल ने 322 और कुलदीप जूनेजा ने 201 सवाल पूछे हैं। उपस्थिति के मामले में उत्कृष्ट विधायक नारायण चंदेल ने बाजी मारी है। चंदेल 55 दिन, सौरभ 51 दिन, कुलदीप 49 दिन और अस्र्ण वोरा 40 दिन सदन की कार्यवाही में मौजूद रहे।
विधानसभा में चार विधायकों ने 350 से ज्यादा सवाल पूछे। इसमें भाजपा के तीन और कांग्रेस के सिर्फ एक विधायक हैं। नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, विधायक बृजमोहन अग्रवाल, सौरभ सिंह और कांग्रेस विधायक संतराम नेताम ने 350 से ज्यादा सवाल पूछे।
विधानसभा में कांग्रेस, भाजपा, जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ और बसपा की 12 महिला विधायक हैं। महिला विधायकों में धमतरी की रंजना साहू सवाल पूछने के मामले में सबसे आगे हैं। रंजना ने 328, बसपा विधायक इंदू बंजारे ने 319, कांग्रेस विधायक छन्नी साहू ने 234 और जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ विधायक रेणु जोगी ने 171 सवाल पूछे।
पहली बार की महिला विधायकों में शकुंतला साहू ने 114, उत्तरी जांगड़े ने 112, डाक्‍टर लक्ष्मी ध्रुव ने 106 और ममता चंद्राकर ने 100 सवाल पूछे। दंतेवाड़ा उपचुनाव में जीत दर्ज करने के बाद दो सत्रों में देवती कर्मा ने 78 सवाल पूछे। वहीं, संसदीय सचिव बनने के बाद तीन सत्रों में शकुंतला साहू, अंबिका सिंहदेव, रश्मि सिंह ने कोई सवाल नहीं पूछा। विधानसभा के सात सत्रों में 12 हजार 286 सवाल पूछे गए।
सदन में छह डाक्टर विधायक, रमन सबसे आगे
विधानसभा में छह डाक्टर विधायक हैं। इसमें सवाल पूछने में डा. रमन सिंह सबसे आगे हैं। डा. रमन ने 187 सवाल, जबकि दूसरे नंबर पर डा. विनय जायसवाल ने 184 सवाल पूछे। मरवाही विधानसभा उपचुनाव में जीत दर्ज कर सदन में पहुंचे डा. केके ध्रुव ने अब तक एक भी सवाल नहीं पूछा है।

Patrika Look

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *