छत्तीसगढ़

कांग्रेस की राष्ट्रीय राजनीति में रोल माडल बना छत्तीसगढ़

रायपुर। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस का बूथ मैनेजमेंट का फार्मूला और प्रदेश सरकार का काम कांग्रेस पार्टी के लिए रोल माडल बन गया है। इसकी चर्चा पूरे देश में हो रही है। इसका फायदा यहां के नेताओं को मिल रहा है। पार्टी की तरफ से एक के बाद एक प्रदेश के नेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी दी जा रही है। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के इतिहास का यह पहला मौका है, जब यहां के दो नेताओं को राष्ट्रीय सचिव बनाकर दूसरे राज्यों की जिम्मेदारी दी गई है। इसमें विकास उपाध्याय और राजेश तिवारी शामिल हैं।

राजेश तिवारी को तो सीधे उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य का प्रभारी सचिव बनाया गया है। वहां अगले वर्ष विधानसभा का चुनाव होना है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ का कद लगातार बढ़ रहा है। असम में भी यहां के नेताओं ने काफी मेहनत की है। राजेश तिवारी को उत्तर प्रदेश का प्रभारी सचिव बनाया गया है। छत्तीसगढ़ के काम की देशभर में सराहना हो रही है।

भूपेश सरकार के काम का जिक्र देशभर में

छत्तीसगढ़ सरकार कांग्रेस के लिए देशभर में मिशाल बन गई है। भूपेश सरकार के काम का जिक्र देशभर में राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा से लेकर पार्टी के कई राष्ट्रीय नेता करते हैं। चुनावी राज्यों में कांग्रेस द्वारा छत्तीसगढ़ सरकार के काम का सहारा लिया जा रहा है। राहुल गांधी अपनी हर सभा में बताते हैं कि कैसे छत्तीसगढ़ में सरकार बनने के कुछ घंटों के भीतर ही किसानों का कर्ज माफ किया गया। आदिवासियों की जमीन लौटाई गई। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिया जा रहा है। गोधन न्याय योजना के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है।

इन्हें मिली बड़ी जिम्मेदारी

  • मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को पार्टी ने असम विधानसभा चुनाव के लिए चीफ आब्जर्वर बनाया है। असम और बंगाल में चुनाव प्रचार के लिए पार्टी ने उन्हें अपने स्टार प्रचारकों की सूची में रखा है।
  • रायपुर पश्चिम विधानसभा सीट से विधायक विकास उपाध्याय को पार्टी ने राष्ट्रीय सचिव बनाया है। उन्हें असम का प्रभारी सचिव नियुक्त किया गया है।
  • मुख्यमंत्री बघेल के सलाहकार राजेश तिवारी को पार्टी का राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किया गया है। उन्हें उत्तर प्रदेश जैसे अहम राज्य का प्रभारी सचिव बनाया गया है।
  • छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य और पंचायत मंत्री टीएस सिंहदेव को कांग्रेस ने त्रिपुरा विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी का आब्जर्वर नियुक्त किया है। इससे पहले राज्यसभा चुनाव के लिए उन्हें राजस्थान का पर्यवेक्षक बनाया गया था।
  • छत्तीसगढ़ के गृह और पीडब्ल्यूडी मंत्री ताम्रध्वज साहू को गुजरात के स्थानीय निकाय चुनाव के लिए मुख्य अब्जर्वर बनाया था। वे पार्टी के ओबीसी विभाग के अध्यक्ष हैं।

Patrika Look

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *