27 दिन की जंग के बाद एसएनसीयू में नन्हीं जान को मिला नया जीवन…

कोण्डागांव। पत्रिका लुक
जिला अस्पताल कोंडागांव की नवजात गहन चिकित्सा इकाई (एसएनसीयू) में चिकित्सकों की सतत मेहनत और समर्पण से एक गंभीर नवजात को नया जीवन मिला है। यह प्रकरण प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और जिला स्तर पर बेहतर उपचार सुविधाओं का उदाहरण है, जो मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के विजन के अनुरूप साकार हो रहा है।
ग्राम राकसबेड़ा, विकासखंड माकड़ी निवासी बो सुखदई मरकाम एवं चैतराम मरकाम के नवजात शिशु का जन्म 18 दिसंबर 2025 को हुआ। जन्म के तुरंत बाद शिशु की स्थिति गंभीर हो गई। 20 दिसंबर को एसएनसीयू में भर्ती किए जाने पर बर्थ एस्फिक्सिया, लगातार दौरे और संक्रमण जैसी जटिलताएं पाई गईं। चिकित्सकों की टीम ने तत्काल उपचार शुरू किया। प्रारंभिक उपचार के बाद स्थिति में अपेक्षित सुधार न होने पर शिशु को मैकेनिकल वेंटिलेशन पर रखा गया और 12 दिनों तक गहन निगरानी में इलाज किया गया।
उपचार के दौरान सेप्सिस और गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल ब्लीडिंग की पहचान कर उच्च श्रेणी की दवाइयां दी गईं। दौरों को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक औषधियां दी गईं। लगातार 18 दिनों की गहन देखभाल के बाद शिशु की हालत स्थिर हुई। इसके पश्चात कंगारू मदर केयर से स्वास्थ्य में उल्लेखनीय सुधार हुआ।
लगभग 27 दिनों के उपचार के बाद शिशु को पूर्णतः स्वस्थ अवस्था में छुट्टी दी गई। यह उपलब्धि जिला अस्पताल की एसएनसीयू टीम की दक्षता, समन्वय और बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था का प्रमाण है।