वैक्सीन केंद्रों पर पहुंची भाजपा की टोली, सुविधा के साथ खोज रही कमियां
रायपुर, छत्तीसगढ़ में तेजी से बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के बीच भाजपा के मोर्चा प्रकोष्ठ के पदाधिकारी वैक्सीन केंद्र पर पहुंच रहे हैं। प्रदेश भर में करीब पांच हजार केंद्रों को भाजपा ने पहले चरण में फोकस किया है। यहां केंद्रों पर आने वाले बुजुर्गों, महिलाओं की मदद की जा रही है।
उन्हें पानी और वैक्सीन केंद्र तक पहुंचने की सुविधा दी जा रही है। इसके साथ ही सेंटरों पर कम हो रही वैक्सीन और अस्पताल की कमियों को भी उजागर करने का काम भाजपा कार्यकर्ता कर रहे हैं। भाजपा ने बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को तैनात किया है, जो बुजुर्गों को वैक्सीन केंद्र तक पहुंचाने का जिम्मा उठा रहे हैं।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा कि सभी वैक्सीन सेंटर के लिए पार्टी पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। रायगढ़, धमतरी, महासमुंद सहित कई जिलों में पिछले दिनों वैक्सीन की कमी आई, जिसके कारण सेंटर पहुंचने वालों को दिक्कत हुई। इन मुद्दों को जिला स्तर पर उठाकर व्यवस्था ठीक करने की दिशा में पार्टी कार्यकर्ता पहल कर रहे हैं।
रायपुर के सभी वैक्सीन केंद्र पर मोर्चा-प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों को जिम्मा सौंपा गया है। वहीं, प्रदेश प्रवक्ता अनुराग सिंहदेव ने वैक्सीन केंद्र में अव्यवस्था को लेकर सरकार को घेरा है। सिंहदेव ने यह मांग की कि प्रदेश सरकार निजी अस्पतालों के लिए भी कोरोना जांच, उसके आवश्यक उपचार और टीकाकरण की फीस तय करें, ताकि जरूरतमंद आर्थिक तौर पर राहत पा सकें।