छत्तीसगढ़

पेंशन प्रकरण के नाम पर रिश्वतखोरी: विकासखंड शिक्षा कार्यालय का सहायक 40 हजार लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

कोण्डागांव। पत्रिका लुक

कोण्डागांव विकासखंड शिक्षा कार्यालय में गुरुवार को एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सहायक ग्रेड-2 सतीश सोढ़ी को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सेवानिवृत्त प्रधान अध्यापक सोनू सिंह यादव, मिडिल स्कूल सरपंच पारा रानापाल की शिकायत पर की गई।
प्रार्थी सोनू सिंह यादव ने एसीबी को शिकायत दी थी कि उनकी पेंशन प्रकरण के निराकरण एवं भुगतान से संबंधित प्रक्रिया आगे बढ़ाने के एवज में कार्यालय सहायक सतीश सोढ़ी द्वारा 40 हजार रुपये की अवैध मांग की जा रही है। शिकायत की प्राथमिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर एसीबी ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की।
पूर्व निर्धारित योजना के तहत जैसे ही प्रार्थी ने कार्यालय में आरोपी को 40 हजार रुपये की रिश्वत सौंपी, मौके पर मौजूद एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी की गईं।
एसीबी द्वारा आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। इस कार्रवाई से शिक्षा विभाग सहित अन्य शासकीय कार्यालयों में हड़कंप मच गया है।

Patrika Look