नक्सलियों के कब्जे से मुक्त हुए कोबरा कमांडर राकेश्वर सिंह मन्हास
नई दिल्ली.सीआरपीएफ की कोबरा यूनिट के कमांडर राकेश्वर सिंह को नक्सलियों ने रिहा कर दिया है। रिहाई के बाद उन्हें बीजापुर के सीआरपीएफ कैंप में वापस लाया गया है। माओवादियों ने बीते शनिवार को छत्तीसगढ़ के सुकमा में हमले के बाद उन्हें अगवा कर लिया था। इस हमले में 23 जवान शहीद हो गए थे, जबकि 31 घायल थे। राकेश्वर सिंह की रिहाई के बाद परिवार में जश्न का माहौल है।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि 210वीं कमांडो बटालियन फॉर रिजॉल्यूट ऐक्शन (कोबरा) के कांस्टेबल राकेश्वर सिंह मन्हास की रिहाई के लिए राज्य सरकार द्वारा दो प्रमुख लोगों को नक्सलियों से बातचीत के लिए नामित किये जाने के बाद रिहा कर दिया गया। राज्य सरकार द्वारा नामित दो सदस्यीय दल में एक सदस्य जनजातीय समुदाय से थे। बीजापुर के एसपी ने कहा है कि राकेश्वर सिंह को सुरक्षित रूप से वापस लाया गया है। उनकी मेडिकल जांच कराई जाएगी।
जम्मू में कोबरा कमांडर के घर में नाच-गाने के बीच उनकी पत्नी मीनू ने कहा कि उन्हें आधिकारिक रूप से सूचित किया गया है कि उनके पति सुरक्षित रूप से वापस आ गए हैं। उनका स्वास्थ्य अच्छा है।” उन्होंने इसे अपनी जिंदगी का सबसे अधिक खुशी वाला दिन बताते हुए कहा कि उन्हें पूरी उम्मीद थी कि पति सकुशल घर वापस आएंगे।