छत्तीसगढ़

कांग्रेस ने किया पुतला दहन, इस्तीफे की मांग

कोण्डागांव। पत्रिका लुक


एपस्टीन फ़ाइल में नाम आने के दावे को लेकर कांग्रेस पार्टी ने कोंडागांव में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा नेता हरदीप सिंह पुरी का पुतला दहन कर नैतिक आधार पर उनके इस्तीफे की मांग की।
महिला कांग्रेस के नेतृत्व में कांग्रेस भवन से रैली निकाली गई, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुराने बस स्टैंड पहुँची। रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और भाजपा के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि कुख्यात यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन से जुड़े मामलों में केंद्रीय मंत्री का नाम सामने आना बेहद गंभीर है और ऐसे में उन्हें पद पर बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।
महिला कांग्रेस नेताओं ने कहा कि एपस्टीन प्रकरण में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई प्रभावशाली लोगों के नाम उजागर होने के बाद उन्होंने अपने पदों से इस्तीफा दिया है, जबकि भारत में गंभीर आरोपों के बावजूद जिम्मेदार मंत्री चुप्पी साधे हुए हैं। कांग्रेस ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच हो और सच्चाई देश के सामने लाई जाए।
यह प्रदर्शन महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अल्का लाम्बा एवं महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष, राज्यसभा सांसद फूलोदेवी नेताम के निर्देश पर किया गया। कोंडागांव शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष हेमा देवांगन के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस एवं कांग्रेस के पदाधिकारी-कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Patrika Look