देश विदेश

चल रही हैं धूल भरी हवाएं, इन राज्यों में बारिश का अलर्ट

दिल्ली सहित देश के सभी राज्यों में मौसम तेजी बदल रहा है। उत्तर-पूर्वी भारत और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है, जबकि केरल और जम्मू कश्मीर में हल्की बारिश की संभावना है। स्काईमेट वेदर के अनुसार अगले 24 घंटों में दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और उत्तर मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी हवाएं चलेंगी। वहीं अंडमान निकोबार द्वीप समूह और उत्तर-पूर्वी भारत में भारी बारिश हो सकती है। जम्मू कश्मीर, केरल, मुजफ्फराबाद, गिलगित बाल्टिस्तान और लद्दाख के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार अप्रैल और जून के महीने में तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है। इस साल पिछले सालों की तुलना में अधिक गर्मी पड़ने की संभावना जताई जा रही है। अप्रैल महीने की शुरुआत से ही गर्मी अपने तेवर दिखा रही है। ओडिशा में तापमान 44 डिग्री के पार जा चुका है, जबकि दिल्ली, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में धूल भरी हवाएं चल रही हैं।

मैदानी इलाकों में मिलेगी गर्मी से राहत

अप्रैल के महीने में ही भीषण गर्मी झेल रहे मैदानी इलाके के लोगों को कुछ दिन के लिए गर्मी से राहत मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार मैदानी इलाकों में अगले तीन दिनों में तापमान में 5 डिग्री तक की कमी आ सकती है। हालांकि, इसके बाद फिर से तेज लू चलने लगेगी और तापमान फिर से बढ़ जाएगा। पिछले हफ्ते मार्च के महीने में ही ओडिशा में तापमान 44 डिग्री और राजस्थान में 43 डिग्री तक पहुंच गया था।

Patrika Look

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *