देश विदेशबड़ी खबर

गुजरात में हाई एलर्ट, 145 किमी प्रति घंटे की स्पीड से चलेगीं हवाएं, अब तक 6 की मौत

चक्रवाती तूफान टाक्टे गोवा तट से टकराने के बाद गुजरात की ओर बढ़ रहा है। IMD ने कई राज्यों में हाई एलर्ट जारी किया है।

चक्रवाती तूफान टाक्टे के जोर पकड़ने की आशंका बढ़ती जा रही है और अगले 48 घंटों में ये भारी तबाही मचा सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक 17 और 18 मई को गुजरात के तटवर्ती इलाकों में भारी बारिश होगी। तूफान के तट पर टकराने के वक्त हवाओं की गति 155 से 165 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है। आसपास के इलाकों में 145 किमी प्रति घंटे की गति से चलनेवाली हवाओं का असर देखा जा सकता है। वहीं मौसम विभाग के मुताबिक चक्रवात ‘टाक्टे’ एक गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल चुका है और वह गुजरात तट की ओर बढ़ रहा है। इंडियन कोस्ट गार्ड ने भी गुजरात के मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है और जो गये हैं, उन्हें फौरन किसी भी तट पर वापस लौटने को कहा है। आईएमडी ने गुजरात तथा दमन एवं दीव के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

रविवार को ही इसके मुंबई से भी गुजरने की आशंका है। मुंबई की मेयर किशोरी पेडनेकर के मुताबिक प्रशासन इस पर कड़ी नजर रखे हुए है। समुद्र में लाइफगार्ड की टीम तैनात कर दी गई है, सभी बड़े पेड़ों को पहले ही छांट दिया गया है और पुलिस पेट्रोलिंग कर रही है। उन्होंने बताया कि तूफान को देखते हुए सोमवार को टीकाकरण भी नहीं होगा। इसे अगले दिन से फिर शुरु किया जाएगा।

तूफान से तबाही
उत्तरी कर्नाटक में तूफान की वजह से 71 घर, 76 मछली पकड़नेवाली नावें और 271 बिजली के पोल नष्ट हो गये हैं। इसमें एक की मौत भी हुई है। साइक्लोन टाक्टे की वजह से अब तक 5 लोगों की जान जा चुकी है। कर्नाटक में हुई तेज बारिश की वजह से कुल 5 लोगों की मौत हुई है। राज्‍य में कुल 73 गांव इससे प्रभावित हुए हैं। वहीं भारी बारिश और पेड़ गिरने से गोवा में एक व्यक्ति की मौत हो गई। गोवा में अभी भी ऊंची समुद्री लहरें उठ रही हैं। साथ ही तटवर्ती इलाकों में तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश हो रही है। यहां कई पेड़ सड़क पर गिर गए, और कई घरों को नुकसान पहुंचा है।
कैसी है राहत और बचाव की तैयारी?

चक्रवात के कहर के बीच गृहमंत्री अमित शाह ने खुद आपदा नियंत्रण की कमान संभाली है। शाह ने रविवार दोपहर महाराष्ट्र, गुजरात समेत कई प्रदेशों के अधिकारियों और मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक कर हालात की समीक्षा की है। गृहमंत्री अमित शाह ने वर्चुअल बैठक में सभी राज्यों को हर संभव मदद देने का भरोसा दिया है।

Patrika Look

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *