लता उसेंडी के प्रयास से कोंडागांव को मिली बड़ी सौगात: घोटुल एवं सांस्कृतिक केंद्र के लिए 5 करोड़ स्वीकृत

कोण्डागांव। पत्रिका लुक
विधायक एवं भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुश्री लता उसेंडी के अथक प्रयासों से क्षेत्र के ग्राम पंचायत बनजुनागी में घोटुल एवं जनजातीय युवा सांस्कृतिक केंद्र की स्थापना के लिए 5 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। यह परियोजना कोंडागांव जिले के इतिहास में एक मील का पत्थर साबित होगी।
विधायक लता उसेंडी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय जनजातीय मंत्री जुएल ओराम, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं प्रदेश के जनजातीय मंत्री रामविचार नेताम का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस केंद्र की स्थापना से बस्तर के युवाओं को अपनी समृद्ध संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलेगा। घोटुल व्यवस्था के संरक्षण से क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और प्रचारित करने में मदद मिलेगी।
स्थानीय ग्रामीणों ने विधायक उसेंडी का आभार व्यक्त करते हुए इस स्वीकृति का स्वागत किया है। यह केंद्र जनजातीय युवाओं के सर्वांगीण विकास और उनकी सांस्कृतिक चेतना को जागृत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।