दूसरे दिन भी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का धरना, ज्ञापन सौंपकर दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी

कोण्डागांव। पत्रिका लुक
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका संयुक्त मंच, जिला कोण्डागांव द्वारा अपनी विभिन्न मांगों को लेकर दो दिवसीय कार्य बहिष्कार किया गया। आंदोलन के तहत धरने के दूसरे दिन आज जिला मुख्यालय स्थित डीएनके मैदान में धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं उपस्थित रहीं और नारेबाजी के माध्यम से सरकार का ध्यान अपनी मांगों की ओर आकर्षित किया।
धरना-प्रदर्शन के पश्चात संयुक्त मंच के प्रतिनिधिमंडल ने विष्णु देव साय, अन्नपूर्णा देवी तथा लक्ष्मी राजवाड़े के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने अपनी लंबित मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की।
संयुक्त मंच की जिला अध्यक्ष श्रीमती पुष्पा राय ने बताया कि आईसीडीएस योजना के 50 वर्ष पूरे हो चुके हैं, लेकिन आज भी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को मात्र 4500 रुपये और सहायिकाओं को 2250 रुपये मानदेय मिल रहा है, जो वर्तमान महंगाई के दौर में अपर्याप्त है। वर्ष 2018 के बाद से मानदेय में कोई वृद्धि नहीं की गई है।
प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में शासकीय कर्मचारी का दर्जा, न्यूनतम वेतन 26 हजार एवं 22 हजार 100 रुपये, वार्षिक वेतन वृद्धि, पेंशन, ग्रेच्युटी, समूह बीमा तथा कैशलेस चिकित्सा सुविधा शामिल है। संयुक्त मंच ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।