देश विदेश

भारत से कॉटन और चीनी आयात करेगा पाकिस्तान, इमरान सरकार ने दी मंजूरी

पाकिस्तान भारत से चीनी और कपास का आयात करेगा। इमरान खान सरकार ने बुधवार को भारत के साथ फिर से व्यापार शुरु करने को मंजूरी दे दी। मीडिया में छपी खबरों के मुताबिक निजी क्षेत्र को भारत से चीनी आयात करने की अनुमति मिल गई है। वहीं इस साल 30 जून से पाकिस्तान भारत से कपास का आयात भी शुरु करेगा। आपको बता दें कि साल 2016 से ही पाकिस्तान सरकार ने भारत से कपास और अन्य कृषि उत्पादों के आयात पर रोक लगा दी थी। इसके बाद अगस्त 2019 में जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा खत्म होे के बाद पाकिस्तान ने भारत के साथ सभी रिश्‍ते तोड़ लिए थे।

मिली जानकारी के मुताबिक इन दिनों पाकिस्तान में चीनी की बढ़ती कीमतों और संकट में जूझ रहे कपड़ा उद्योग ने सरकार की मुश्किल बढ़ा दी है। दूसरी तरफ भारत के साथ बिगड़े रिश्तों से सबसे ज्यादा नुकसान उसे ही हो रहा है। आर्थिक तौर पर बदहाल और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पहचान खो चुके पाकिस्तान के पास ज्यादा विकल्प बचे नहीं हैं। इसलिए पिछले कुछ दिनों से पाकिस्तानी हुक्मरान भारत के साथ संबंध सुधारने की बात करने लगे हैं। यही वजह है कि इस फैसले को आपसी रिश्तों को सुधारने की दिशा में एक पहल के तौर पर देखा जा रहा है।

अगर भारत की बात की जाए तो इस फैसले से भारत को कोई नुकसान नहीं है। भारतीय व्यापारी निर्यात के जरिए अतिरिक्त मुनाफा कमा सकते हैं। वहीं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी इसे भारत के उदार रवैये के तौर पर देखा जाएगा।

Patrika Look

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *