छत्तीसगढ़

सूखा राशन पहुंचाने का राहुल का फरमान, मोर्चे पर उतरे कांग्रेसी

रायपुर, : कोरोना के बढ़ते प्रकोप के बीच कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने कार्यकर्ताओं को गरीबों के घर सूखा राशन पहुंचाने का फरमान जारी किया। राहुल का निर्देश मिलने के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे गरीबों को राशन पहुंचाएं।

उधर, सरकार ने भी पीडीएस का दो महीने का राशन एक साथ देने का आदेश जारी कर दिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता हर विधानसभा में राहत कैंप लगाएंगे। इसमें जरूरतमंदों को राशन पहुंचाया जाएगा।

मरकाम ने बताया कि कई जिलों में यह अभियान पहले से ही चल रहा है। जिला कांग्रेस कमेटी और ब्लाक कांग्रेस कमेटी लोगों के राशन और इलाज के लिए आगे आ रही है। इस पूरे अभियान की प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन से मानिटरिंग हो रही है।

कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख शैलेश नितिन त्रिवेदी ने बताया, राहुल गांधी के निर्देश के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता गरीबों, जरूरतमंदों और रोज कमाने-रोज खाने वाले परिवारों तक सूखा राशन पहुंचाएंगे। इससे पहले कांग्रेस ने सभी जिला कार्यालयों में एक हेल्प डेस्क बनाकर लोगों की मदद का काम शुरू कर दिया था। जिला कांग्रेस कार्यालय में मदद के लिए विशेष टीम बनाई गई है।

रायपुर जिला कांग्रेस में 16 सदस्यों वाली एक टीम जरूरतमंदों को रोज राशन, सब्जी, दवा और दूसरी मदद पहुंचा रहे हैं। शहर जिलाध्यक्ष गिरीश दुबे ने बताया कि कार्यकर्ताओं के नंबर सार्वजनिक किए गए हैं। टीम को दिन में औसतन 300 फोन आते हैं। कांग्रेस की टीम जरूरतमंदों को पका खाना भी पहुंचा रही है। साथ ही सूखा राशन और सब्जी भी पहुंचाने का काम किया जा रहा है।

Patrika Look

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *