NH-30 पर मौत का साया: चलती कार पर गिरी सूखा पेड़, प्रशासन की लापरवाही से बाल-बाल बचे सवार

कोण्डागांव। पत्रिका लुक
नेशनल हाईवे-30 पर शनिवार शाम एक बार फिर प्रशासनिक लापरवाही सामने आई है। थाना कोंडागांव क्षेत्र के ग्राम घोड़ागांव स्थित भूमका नाला के पास सड़क किनारे खड़े एक विशाल सूखे पेड़ के अचानक गिरने से कोंडागांव से जगदलपुर जा रही टाटा नेक्सॉन कार इसकी चपेट में आ गई। हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन गनीमत रही कि कार सवारों की जान बच गई।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर तक यातायात भी बाधित रहा। सवाल यह है कि हाईवे किनारे खड़े सूखे और जर्जर पेड़ों की पहचान व कटाई की जिम्मेदारी आखिर किसकी है? निर्माण कार्य के नाम पर हरे-भरे पेड़ तो तुरंत काट दिए जाते हैं, लेकिन जानलेवा सूखे पेड़ों की ओर कोई ध्यान नहीं देता।
स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना सिटी कोतवाली पुलिस को दी है। फिलहाल यह जांच का विषय बना हुआ है कि पेड़ स्वाभाविक रूप से गिरा या किसी की लापरवाही का नतीजा है। बड़ा सवाल यह है कि क्या किसी की जान जाने के बाद ही जिम्मेदार विभाग जागेंगे?