फरार आरोपी शारिब मेरठ से गिरफ्तार, न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया..

कोण्डागांव। पत्रिका लुक (शकील सिद्दीकी)
बलात्कार के प्रयास के मामले में फरार चल रहे आरोपी को कोंडागांव पुलिस ने उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस अधीक्षक वाय. अक्षय कुमार के निर्देशन तथा अति पुलिस अधीक्षक कौशलेन्द्र देव पटेल के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई थी।
मामला थाना कोतवाली कोंडागांव क्षेत्र का है। प्रकरण के अनुसार दिनांक 29 जून 2025 को पीड़िता ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि जब वह घर पर अकेली थी, उसी दौरान गैस चूल्हा बेचने के बहाने दो व्यक्ति उसके घर पहुँचे। उन्होंने पीड़िता को अकेली देखकर घर के भीतर घुसकर जबरन बलात्कार करने का प्रयास किया। पीड़िता के शोर मचाने पर दोनों आरोपी भाग खड़े हुए। घटना की शिकायत पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 231/2025 धारा 70(1), 332(बी) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था।
पुलिस ने विवेचना के दौरान एक आरोपी आबिद पिता शाबिर उम्र 24 वर्ष निवासी मेहलवाला, जिला मेरठ (उ.प्र.) को घटना के अगले ही दिन गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया था। वहीं दूसरा आरोपी शारिब अल्वी पिता ईकलास अल्वी उम्र 20 वर्ष निवासी कमरूद्धीन नगर मंढ़ियाई, थाना सरधना, जिला मेरठ (उ.प्र.) घटना के दिन से फरार चल रहा था।
फरार आरोपी की तलाश हेतु थाना कोतवाली पुलिस और सायबर सेल की संयुक्त टीम को उत्तर प्रदेश रवाना किया गया। लगातार निगरानी और तलाश के बाद मेरठ में आरोपी के घर की घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद ट्रांजिट रिमाण्ड प्राप्त कर आरोपी को कोंडागांव लाया गया और 22 सितंबर को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया।
गिरफ्तारी की इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कोंडागांव निरीक्षक टामेश्वर चौहान, सायबर प्रभारी सौरभ उपाध्याय, उप निरीक्षक गुलाब सिंह टंडन, आरक्षक बुधेश्वर नेताम, प्र.आर. राजेश मनहर, रितुराज और आरक्षक चंदन यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।