छत्तीसगढ़

महतारी वंदन योजना से श्यामबती की बेटियों का भविष्य हो रहा सुरक्षित


कोण्डागांव। पत्रिका लुक

छत्तीसगढ़ सरकार की महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक प्रभावी पहल साबित हो रही है। इस योजना से कोण्डागांव जिले के ग्राम पंचायत बनचपई निवासी श्रीमती श्यामबती कोर्राम के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। श्यामबती इस योजना की लाभार्थी हैं, जिन्हें प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता राशि नियमित रूप से उनके बैंक खाते में प्राप्त हो रही है।
इस आर्थिक सहयोग से वे अपनी दैनिक जरूरतें सहजता से पूरी कर पा रही हैं। श्यामबती बताती हैं कि प्राप्त राशि का उपयोग वे अपनी दोनों बेटियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए सुकन्या समृद्धि योजना में जमा कर रही हैं। साथ ही, परिवार के लिए पौष्टिक आहार की व्यवस्था भी हो पा रही है, जिससे स्वास्थ्य में सुधार हुआ है।
12वीं तक शिक्षित श्यामबती के लिए यह योजना आत्मनिर्भरता और सम्मानजनक जीवन का आधार बनी है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना महिलाओं के जीवन में सार्थक बदलाव ला रही है।

Patrika Look