छत्तीसगढ़बड़ी खबर

सरगुजा के शासकीय कुक्कुट फार्म सकालो में बर्ड फ्लू की पुष्टि, मारकर दफनाए जाएंगे मुर्गे-मुर्गियां

अंबिकापुर। शहर से लगे ग्राम सकालो स्थित शासकीय कुक्कुट फार्म में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है। हाई सिक्योरिटी लैब भोपाल से सोमवार देर शाम पहुंची रिपोर्ट में बर्ड फ्लू की पुष्टि किए जाने के बाद कलेक्टर ने रैपिड रिस्पांस टीम का गठन कर दिया है। मंगलवार सुबह से कुक्कुट फार्म के अलावा आसपास के एक किलोमीटर के दायरे के सभी मुर्गे- मुर्गियों को मारकर दफन करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद पशुपालन विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है।
पशुपालन विभाग के शासकीय कुक्कुट फार्म में पिछले एक सप्ताह से मुर्गा – मुर्गियों की लगातार मौत हो रही थी। वजह जानने के लिए विभागीय टीम ने यहां के मुर्गे- मुर्गियों का सैंपल जांच के लिए 12 फरवरी को हाई सिक्युरिटी लैब भोपाल भेजा था। पशु चिकित्सकों को पहले से ही संदेह था कि कुक्कुट फार्म के मुर्गे मुर्गियों में बर्ड फ्लू का संक्रमण हो सकता है क्योंकि लक्षण वैसे ही सामने आ रहे थे। सोमवार शाम को भोपाल स्थित लैब से बर्ड फ्लू के वायरस की पुष्टि किए जाने के बाद पशुपालन विभाग हरकत में आ गया है।
दुर्गम ग्रामों में पहुंचे संसदीय सचिव पारसनाथ कहा आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने की पूरी कोशिश
सरगुजा कलेक्टर संजीव झा ने शासकीय कुक्कुट फार्म में बर्ड फ्लू की पुष्टि करते हुए बताया कि जांच के लिए सैंपल भेजा गया था। रिपोर्ट पाजिटिव आई है। उन्होंने बताया कि भारत सरकार द्वारा जारी प्रोटोकाल के तहत कुक्कुट फार्म के आसपास के एक किलोमीटर रेडियस के मुर्गे- मुर्गियों को मारकर मंगलवार सुबह से दफन करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उन्होंने बताया कि इसके लिए सारी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
कलेक्टर के मुताबिक कुक्कुट फार्म के आसपास के एक किलोमीटर के दायरे के मुर्गे – मुर्गियों को भी मारकर दफन किया जाएगा। कुक्कुट फार्म के 10 किलोमीटर का क्षेत्र सर्विलांस जोन होगा। इस जोन में लगातार मानिटरिंग की जाएगी। रेंडम सेंपलिंग कर जांच के लिए फिर भेजा जाएगा। कलेक्टर ने बताया कि रैपिड रिस्पांस टीम का गठन कर लिया गया है। पशुपालन विभाग के अधिकारियों को बर्ड फ्लू के दौरान अपनाई जाने वाली सारी प्रक्रियाओं का पूरी कड़ाई के साथ पालन करने का निर्देश दिया गया है।
कई महीने बंद था कुक्कुट फार्म
पिछले वर्ष भी शासकीय कुक्कुट फार्म में रानीखेत बीमारी की पुष्टि हुई थी। उस दौरान लगभग चार महीने तक फार्म को बंद रखा गया था। अभी फार्म नए सिरे से फिर से खड़ा हो रहा था कि बर्ड फ्लू की पुष्टि से पशुपालन विभाग को नुकसान उठाना पड़ रहा है। वर्तमान में यहां ढाई हजार वयस्क मुर्गे मुर्गियों के अलावा लगभग पांच हजार चूजे हंै। इन सभी को मारा जाएगा। यहां उपलब्ध दाना को भी पूरी तरीके से डिस्पोज कर दिया जाएगा।
ब्लैक राक मुर्गा की नई प्रजाति भी थी तैयार
शासकीय कुक्कुट फार्म सकालो में मुर्गे की नई प्रजाति ब्लैक राक अभी तैयार हुआ था। पिछले दिनों मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नए सिरे से शासकीय कुक्कुट फार्म के उन्न्यन और नई प्रजाति के मुर्गे पालने को लेकर जिला प्रशासन की सराहना भी की थी। अब इस प्रजाति के मुर्गों को भी मार कर दफन किया जाएगा। ब्लैक राक, कड़कनाथ प्रजाति का मुर्गा होता है लेकिन आकार में बड़ा होता है। कड़कनाथ के समान इसके खून काले नहीं होते हैं।
कुक्कुट फार्म के मुर्गे – मुर्गियों का सैंपल जांच के लिए भोपाल भेजा गया था। देर शाम रिपोर्ट पाजिटिव आई है। भारत सरकार द्वारा बर्ड फ्लू संक्रमण की रोकथाम के लिए जो प्रोटोकाल जारी किया गया है उस प्रोटोकाल का पालन करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। मंगलवार सुबह से सारी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

Patrika Look

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *