Ghansyam Sharma / Sun, May 9, 2021 / Post views : 159
रायपुर। कोरोना संक्रमण को कम करने के लिए प्रदेशभर में टीकाकरण चल रहा है। शनिवार को नगर निगम अंतर्गत आडवानी आर्लिकान स्कूल में कोरोना वैक्सीन की पहली डोज की शुरूआत की गई। बिरगांव में 18 से 44 आयु वर्ग के अंत्योदय कार्ड धारी, बीपीएल कार्ड धारी और सामान्य लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाया जा रहा है। शनिवार की दोपहर रायपुर कलेक्टर ने आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बिरगांव नगर निगम के अधिकारियों कई दिशा निर्देश दिए।
पहले दिन लोगों में टीका लगाने के लिए भारी उत्सुकता का माहौल देखने को मिला। टीकाकरण का समय सुबह 9:00 बजे निर्धारित किया गया था, लेकिन लोग सुबह 7:30 बजे से ही आने लगे थे। नौ बजे तक काफी भीड़ बढ़ गई थी, जिसमें अंत्योदय कार्ड धारी के दो सदस्य, बीपीएल कार्ड धारी के 77 सदस्य और एपीएल कार्ड धारी 431 लोग टीकाकरण के लिए पहुंचे। इस प्रकार 510 लोगों को टीके की पहली खुराक दी गई।
बिरगांव नगर निगम द्वारा अंत्योदय और बीपीएल कार्ड धारियों के रजिस्ट्रेशन के लिए एक काउंटर तथा एपीएल कार्ड धारियों के लिए तीन काउंटर बनाए गए थे। इसी प्रकार लंबी लाइन में किसी को दिक्कत न हो इसके लिए आडवाणी स्कूल के ग्राउंड में टेंट लगवाया गया था। निगम ने स्कूल परिसर की साफ सफाई, सैनिटाइजेशन एवं लोगों को पानी पीने की व्यवस्था तथा टीका लगाने के उपरांत ऑब्जरवेशन हाल की व्यवस्था निगम द्वारा की गई है।
इसके साथ ही किसी प्रकार दिक्कत ना हो इसके लिए तथा भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस व्यवस्था, पार्किंग के लिए अलग से व्यवस्था की गई। टीकाकरण के दौरान रायपुर कलेक्टर डॉ. एस भारतीदासन तथा रायपुर ग्रामीण विधायक सत्यनारायण शर्मा के प्रतिनिधि के रूप में पंकज शर्मा द्वारा बिरगांव टीकाकरण केंद्र का निरीक्षण किया गया तथा व्यवस्था को देखकर संतुष्टि जाहिर की गई।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन