Ghansyam Sharma / Tue, Oct 27, 2026 / Post views : 20
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
आम जनता की आवाज बनकर पत्रिका लुक द्वारा उठाए गए बेरोजगार अभ्यर्थियों की परेशानी के मुद्दे पर जिला प्रशासन ने संज्ञान लिया है। ग्राम पंचायत सचिव भर्ती के आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। अब अभ्यर्थी 3 नवंबर 2026 को शाम 5 बजे तक स्पीड पोस्ट या रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से आवेदन भेज सकेंगे।
गौरतलब है कि 27 अक्टूबर को आवेदन की अंतिम तिथि के दिन मुख्य डाकघर में बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण अभ्यर्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ा था। सुबह से कतार में खड़े बेरोजगार युवक-युवतियों ने आवेदन प्रक्रिया प्रभावित होने और डाक के माध्यम से आवेदन समय पर नहीं पहुंच पाने की आशंका जताई थी। अभ्यर्थियों ने जिला प्रशासन से अंतिम तिथि एक-दो दिन बढ़ाने की मांग की थी। पत्रिका लुक ने इस समस्या को प्रमुखता से उठाया था।
अभ्यर्थियों ने जिला प्रशासन का जताया आभार
अंतिम तिथि बढ़ाए जाने से राहत महसूस कर रहे अभ्यर्थियों ने जिला प्रशासन का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने इस निर्णय को बेरोजगार युवाओं के हित में राहत देने वाला कदम बताया। अब इच्छुक अभ्यर्थियों को आवेदन जमा करने के लिए अतिरिक्त समय मिल सकेगा।
प्रशासन ने जारी किया संशोधित आदेश
जिला पंचायत कोण्डागांव द्वारा जारी सूचना के अनुसार, मुख्य डाकघर में विद्युत आपूर्ति प्रभावित होने तथा चक्रवात के कारण अभ्यर्थियों को हुई असुविधा को ध्यान में रखते हुए आवेदन प्राप्ति की अंतिम तिथि में आंशिक संशोधन किया गया है। अब 3 नवंबर 2026 को शाम 5 बजे तक आवेदन भेजे जा सकेंगे।
शेष नियम एवं शर्तें रहेंगी यथावत
भर्ती के लिए पूर्व में जारी विज्ञापन क्रमांक 1884, दिनांक 7 अक्टूबर 2026 के शेष नियम एवं शर्तें पहले की तरह लागू रहेंगी। भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी जिला प्रशासन की आधिकारिक वेबसाइट https://kondagaon.gov.in पर उपलब्ध है।
पत्रिका लुक का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं और उनकी आवाज को जिम्मेदार अधिकारियों तक पहुंचाना है। इस निर्णय से उन अभ्यर्थियों को अतिरिक्त समय मिलेगा, जो अंतिम दिन आई परेशानियों के कारण आवेदन नहीं कर पाए थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन