Ghansyam Sharma / Tue, Oct 27, 2026 / Post views : 58
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
जिले में ग्राम पंचायत सचिव के 65 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए आवेदन जमा करने की प्रक्रिया के अंतिम दिन मंगलवार को अभ्यर्थियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। जिला पंचायत कोंडागांव द्वारा जारी विज्ञापन के अनुसार आवेदन की अंतिम तिथि 27 अक्टूबर 2026 निर्धारित है। अंतिम दिन बड़ी संख्या में बेरोजगार युवक-युवतियां डाकघर में अपने आवेदन जमा करने के लिए कतार में खड़े रहे।
अभ्यर्थियों के अनुसार, बिजली विभाग द्वारा बिजली लाइन में सुधार कार्य किए जाने के कारण डाकघर में बिजली आपूर्ति बाधित रही। इसके चलते सुबह से आवेदन जमा करने पहुंचे युवाओं को परेशानी हुई और फॉर्म भरने की प्रक्रिया प्रभावित रही। अभ्यर्थियों का कहना है कि करीब दोपहर 1 बजे बिजली आने के बाद आवेदन भरने और जमा करने का काम शुरू हो सका।
समय पर आवेदन पहुंचने को लेकर चिंता
अंतिम दिन आवेदन जमा करने पहुंचे अभ्यर्थियों को आशंका है कि डाक के माध्यम से भेजे गए उनके आवेदन निर्धारित समय पर जिला पंचायत कार्यालय तक नहीं पहुंच पाएंगे। इससे उनके आवेदन निरस्त होने की चिंता बनी हुई है। अभ्यर्थियों का कहना है कि बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण आवेदन प्रक्रिया में हुई देरी के लिए वे जिम्मेदार नहीं हैं।
जिला प्रशासन से तारीख बढ़ाने की मांग
परेशान अभ्यर्थियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि एक-दो दिन बढ़ाई जाए, ताकि सभी इच्छुक अभ्यर्थियों को आवेदन करने का अवसर मिल सके। उन्होंने यह भी मांग की कि अंतिम दिन डाकघर में हुई परेशानी को ध्यान में रखते हुए उनके आवेदनों को केवल देरी की आशंका के आधार पर निरस्त न किया जाए।
अब देखना होगा कि जिला प्रशासन और जिला पंचायत कोंडागांव अभ्यर्थियों की इस मांग पर क्या निर्णय लेते हैं। हालांकि, आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाने या डाक से भेजे गए आवेदनों को स्वीकार करने के संबंध में आधिकारिक निर्णय की पुष्टि नहीं हुई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन