Ghansyam Sharma / Wed, May 5, 2021 / Post views : 163
रायपुर । प्रदेश व देश में कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रसार के मध्य शासन-प्रशासन निरंतर नई योजनायें बनाकर संक्रमण को सीमित करने पर कार्य कर रहे हैं। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने स्वास्थ्य क्षेत्र में अमेरिका की प्रतिष्ठित संस्था मेयोक्लिनिक के प्रतिनिधि से चर्चा की। मेयोक्लिनिक हास्पिटल के एमडी डा. प्रिया संपत ने कोरोना उपचार में छत्तीसगढ़ की मदद करने की बात कही है।
इस विषय पर वीडियो संदेश जारी कर उन्होंने बताया है कि इस अंतरराष्ट्रीय संस्था मेयोक्लीनिक में लगभग 4-5 हजार प्रॉफेशनल वैज्ञानिक एवं 40-50 हजार अन्य कर्मी जुड़े हैं, यह संस्थान 3 प्रतिष्ठानों के माध्यम से अलग-अलग शहरों में कार्य करती है। इस चर्चा के विषय में बताते हुए स्वास्थ्य मंत्री टी एस सिंहदेव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में इस संस्थान के माध्यम से हम स्वास्थ्य क्षेत्र में किस प्रकार कार्य कर सकते हैं इस पर विस्तृत बातचीत हुई।
उन्होंने आगे बताया कि इस चर्चा के दौरान संस्था में कार्यरत भारतीय मूल के लोगों ने संकट की इस घड़ी में भारत के लिए कार्य करने की इच्छा जाहिर की जिसे जानकर अत्यंत प्रसन्नता हुई। इसके साथ ही वर्तमान व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने, घरों से अस्पताल तक पहुंचने की व्यवस्था, घरों में रहते समय प्रबंधन की व्यवस्था एवं आईसीयू में प्रबंधन समेत अन्य महत्वपूर्ण विषय पर भी मेयोक्लीनिक के प्रतिनिधि से चर्चा की गयी, जिसमें उन्होंने सहर्ष अपने अनुभव साझा करते हुए आगामी समय में सुझाव भेजने का उल्लेख किया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन