Ghansyam Sharma / Fri, Apr 2, 2021 / Post views : 158
रायपुर।कोरोना संक्रमण के मामले में छत्तीसगढ़ देश में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। पूर्व मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने लिखा-देश में 24 घंटे के अंदर कोरोना के मामलों में छत्तीसगढ़ दूसरे नंबर पर है लेकिन सरकार अभी भी लापरवाह है। इलाज के कोई प्रबंध नहीं हैं, स्थिति बिगड़ती जा रही है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को चुनाव प्रचार से फुर्सत नहीं है। प्रदेश में केंद्रीय हस्तक्षेप बहुत जरूरी हो गया है।
जानिए रमन सिंह ने क्या लिखा
डाक्टर रमन सिंह ने ट्वीट कर कहा, 'भूपेश जी आपकी गलत नीतियों और लापरवाही भरे फैसलों के कारण आज छत्तीसगढ़ के हालात भयावह हैं। अहमदाबाद में हुए इंटरनेशनल मैच बिना दर्शकों के हुए। लेकिन रोड सेफ्टी मैच में फ्री टिकट देकर आपने भीड़ इकट्ठी कर लोगों की जान खतरे में डाली। आज उसका ही दुष्परिणाम प्रदेश भुगत रहा है।'
राजधानी में 1,327 समेत राज्य में 4,617 कोरोना संक्रमित मिले
इधर, राजधानी में 1,327 समेत राज्य में 4,617 कोरोना संक्रमित गुरुवार को मिले हैं। वहीं, 34 लोगों की मौत हो गई,- जबकि 1,007 लोग स्वस्थ भी हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक दुर्ग में 996, राजनांदगांव में 423, बिलासपुर में 288, महासमुंद में 182, बालोद में 130, बेमेतरा में 118, कोरबा में 104 समेत अन्य जिलों में संक्रमित मरीज मिले हैं।
इधर, कोरोना के बदलते स्वरूप को लेकर एम्स के डायरेक्टर डॉ. एम. नितिन नागरकर ने कहा कि राज्य में पहले की अपेक्षा संक्रमण के गंभीर रोगियों की संख्या बढ़ी है। इस समय लक्षण वाले मरीज मिल रहे हैं। युवाओं और बच्चों में भी गंभीर स्थिति के मामले बढ़े हैं।
डॉ. नागरकर ने कहा कि जीनोम स्टडी के बाद कोरोना के नए वेरिएंट का पता चलता है। अब तक राज्य में इस तरह के संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि मरीजों में सर्दी, बुखार, खांसी के साथ ही उल्टी-दस्त की भी शिकायतें सामने आ रही हैं। ऐसे में अधिक से अधिक सावधानी बरतने की बात कही गई है।
कोरोना मीटर
नए - 4,617
सक्रिय - 28,989
स्वस्थ - 3,20,613
कुल - 3,53,804
मौत - 4,204
कुल जांच - 57,66,916
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन