Ghansyam Sharma / Thu, May 27, 2021 / Post views : 154
मैनपुर। राजीव गोद ग्राम कुल्हाड़ीघाट में बुधवार को कलेक्टर निलेश कुमार क्षीरसागर व पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, प्रदेश महासचिव आदिवासी कांग्रेस जनक ध्रुव की उपस्थिति में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विनोद तिवारी के नेतृत्व में स्वास्थ्य अमला ने विशेष टीकाकरण सत्र का आयोजन किया। दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों के ग्रामीण आदिवासियों में कोरोना जागरूकता व वैक्सीन के लिए फैली अफवाहों भ्रांतियों को दूर करने विनोद तिवारी ने टीकाकरण सत्र में स्वयं कोरोना टीका का पहला डोज लगाते हुए ग्रामीणों को जागरूक किया।
विनोद तिवारी ने टीका लगाते हुए लोगों को कोरोना वैक्सीन के नफा नुकसान के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में हौसला अफजाई करने पहुंचे कलेक्टर निलेश कुमार क्षीरसागर व एसपी भोजराम पटेल ने कांग्रेस नेता विनोद तिवारी के इस प्रयास की सराहना
करते हुए सभी लोगों को बिना किसी भय व परिवार की सुरक्षा को ध्यान में रखते कोरोना का टीका लगाने कहा।
60 युवाओं ने लगाया टीका : टीकाकरण सत्र के पहले दिन कांग्रेस नेता विनोद तिवारी से प्रेरित होकर आदिवासी विशेष पिछड़ी कमार जनजाति के 60 युवाओं ने कोरोना का टीका लगवाया। कुल्हाड़ीघाट में रहने वाले विशेष पिछड़ी जनजाति के लोग कोरोना टीका लगवाने से पीछे हट रहे थे वजह टीके से नपुंसकता व अपाहिज होने के साथ ही जान गवाने की अफवाह। यह अफवाह ग्रामीणों के दिमाग मे घर कर गया था। बीते दिनों जब प्रदेश कांग्रेस के पूर्व महामंत्री विनोद तिवारी दिवंगत बल्दी बाई के स्वजनों से मिलने कुल्हाड़ीघाट पहुंचे तो इसकी जानकारी उन्हें हुई। बीते एक सप्ताह तिवारी ने अलग-अलग माध्यमों से अफवाह को दूर करने पहले जागरूकता अभियान चलवाया जिसका स्थानीय नेताओं ने भी पूरा सहयोग किया। सुबह 11 से शाम 5 बजे तक पहले दिन के शिविर में 18 प्लस के 60 युवाओं ने कोविड का टीका लगवाया। विनोद तिवारी के अलावा आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश सचिव जनक ध्रुव, युवा नेता अजय बाजपेयी, सरपंच धनवंती सोरी, बनसिंह सोरी, दामोदर सोरी, धनसाय सोरी, किशोर ध्रुव, शाहिद मेमन, नियाल नेताम सहित कांग्रेस के ब्लाक पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन