Ghansyam Sharma / Fri, Apr 2, 2021 / Post views : 167
बिलासपुर तखतपुर क्षेत्र के राजाकापा में किसान ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने सुसाइड नोट जब्त किया है। इसमें पटवारी द्वारा रुपये लेकर काम नही करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस सुसाइड नोट जब्त कर मामले की जांच कर रही है। राजाकापा निवासी छोटूराम केंवट किसान हैं।
उन्होंने अपनी जमीन को बेचने का सौदा किया था। 31 मार्च को रजिस्ट्री होना था। जमीन की पर्ची नही होने पर जमीन की रजिस्ट्री नही हो पाई। इससे वे परेशान थे। शुक्रवार की सुबह छह बजे उन्होंने घर के पीछे पेड़ में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उनकी पत्नी चाय देने कमरे में आई। पति को कमरे में नही देख वे बाहर बाड़ी की ओर गईं। इस दौरान छोटू का शव फंदे पर लटक रहा था।
उन्होंने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने सुसाइड नोट जब्त किया है। इसमें पर्ची नही बनने से परेशान होकर फांसी की बात लिखी है। साथ ही अपने बेटे को बहन का ख्याल रखने कहा है। पुलिस ने सुसाइड नोट जब्त कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जमीन खरीदने के लिए बेच रहा जमीन
किसान छोटू की राजाकापा में 70 डिसमिल जमीन है। वहीं, बहुरता में भी उसकी जमीन है। वह राजाकापा की जमीन को बेचकर बहुरता में जमीन खरीदना चाहता था। उसने अपनी जमीन का सौदा भी कर लिया था। जमीन की पर्ची गुमने पर उसने नया पर्ची बनाने के लिए पटवारी से संपर्क किया था। समय पर पर्ची नहीं बनने से वह अपनी जमीन बेच नहीं पाया।
पटवारी ने कहा न्यायालय से नहीं मिला था आदेश
मामले में पटवारी उत्तम प्रधान ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले किसान उनके पास आया था। उसने नया पर्ची बनाने के लिए कहा। इस पर न्यायालयीन प्रक्रिया की जानकारी देकर उसे तहसील कार्यालय में आवेदन लगाने कहा गया था। इसके बाद भी वह नया पर्ची बनाने के लिए कह रहा था। तहसील न्यायालय से आदेश नहीं मिलने पर उसकी पर्ची नहीं बन पाई।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन