Ghansyam Sharma / Tue, Sep 8, 2026 / Post views : 129
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल मर्दापाल में पढ़ाई और प्राचार्य की कार्यप्रणाली को लेकर पांच छात्र शिकायत लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। छात्रों ने नियमित पढ़ाई नहीं होने सहित प्राचार्य पर गंभीर आरोप लगाए। छात्रों के कलेक्टर कार्यालय पहुंचने की जानकारी मिलते ही जिला शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल स्कूल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
जिला मुख्यालय से स्कूल की दूरी करीब 30 किलोमीटर है। डीईओ के अचानक स्कूल पहुंचने से विद्यालय में हड़कंप की स्थिति बन गई। उन्होंने स्कूल परिसर का निरीक्षण किया और शिक्षकों की उपस्थिति पंजी की जांच की। निरीक्षण के दौरान प्राचार्य स्कूल में मौजूद नहीं मिले, जबकि उपस्थिति पंजी में उनकी उपस्थिति दर्ज थी। इस स्थिति को लेकर डीईओ ने स्कूल के शिक्षकों से जानकारी ली और सभी की बैठक भी ली।
डीईओ भारती प्रधान के अनुसार, छात्रों ने शिकायत में प्राचार्य पर कथित तौर पर शराब का सेवन कर स्कूल आने तथा शिक्षकों द्वारा नियमित रूप से पढ़ाई नहीं होने के आरोप लगाए हैं।
डीईओ ने स्पष्ट किया कि जांच के दौरान यदि छात्रों द्वारा लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित प्राचार्य अथवा शिक्षकों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। अचानक हुए निरीक्षण के बाद विद्यालय की कार्यप्रणाली और शिक्षकों की नियमित उपस्थिति को लेकर विभागीय स्तर पर जांच की स्थिति बन गई है। छात्रों की शिकायत के बाद अब शिक्षा विभाग की जांच रिपोर्ट पर सबकी नजर है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन