Ghansyam Sharma / Sun, Sep 6, 2026 / Post views : 56
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
कोण्डागांव पुलिस को मिली बड़ी सफलता है। आत्मसमर्पित माओवादियों की निशानदेही पर नक्सल सेल, डीआरजी, बस्तर फाइटर्स और बीडीएस की संयुक्त टीम ने थाना मर्दापाल क्षेत्र के ग्राम कोरमेल, पुसपाल मोखामारी के जंगल-पहाड़ी इलाके में सर्चिंग अभियान चलाया।
पुलिस के अनुसार 5 सितंबर को संयुक्त टीम अभियान के लिए रवाना हुई थी। जंगल-पहाड़ी क्षेत्र की घेराबंदी कर सुरक्षापूर्वक डी-माइनिंग एवं सर्चिंग की गई। इस दौरान सुरक्षा बलों ने माओवादियों द्वारा डम्प कर रखी गई 01 नग 9 एमएम पिस्टल और करीब 30 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री समेत बड़ी मात्रा में नक्सली सामग्री बरामद की।
बरामद सामग्री में 3 टिफिन बम, करीब 160 नग जिलेटिन, इलेक्ट्रिक एवं नॉन-इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, 40 कमर्शियल डेटोनेटर, 6 वॉकी-टॉकी मय एंटीना, चार्जर एवं हैंडफोन, इलेक्ट्रिक वायर के 4 बंडल, 1 मीटर सेफ्टी फ्यूज, करीब 5 मीटर कार्डेक्स वायर, लोहे का पाइप और करीब 5 किलोग्राम हरी पॉलीथिन शामिल है। बरामद 3 टिफिन बम में से एक का वजन करीब 10 किलोग्राम बताया गया है।
सुरक्षा के दृष्टिगत बीडीएस टीम ने 10 किलोग्राम वजन वाले टिफिन आईईडी को मौके पर ही नष्ट कर दिया। कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज बद्रीनाथ मीणा एवं पुलिस अधीक्षक कोण्डागांव पंकज चन्द्रा के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चन्द्रा के मार्गदर्शन में की गई।...
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन