Ghansyam Sharma / Wed, May 26, 2021 / Post views : 152
बिलासपुर। 42 दिनों बाद बुधवार से जिला अनलाक हो जाएगा। माल, सब्जी मंडी, शराब दुकानें, सेलून, स्पा ब्यूटी पार्लर समेत अन्य दुकानों के ताले भी खुल जाएंगे। इसके पूर्व शहर के बड़े बाजारों में स्थापित दुकानों को आड-इवन पद्धति से खोलने का आदेश जारी हुआ था, लेकिन पहले ही दिन व्यवस्था धरी की धरी रह गई। आड-इवन के बजाय सभी दुकानें खुल गईं थी। निगम की पूरी व्यवस्था पहले ही दिन ध्वस्त हो गई।
लाकडाउन के चौथे चरण में कलेक्टर डा.मित्तर ने एक आदेश जारी कर आड-इवन के तहत दुकानों को खोलने की अनुमति दी थी। नगरीय निकाय को व्यवस्था बनाने की जिम्मेदारी सौंपी थी। आड-इवन के तहत मंगलवार को पहले दिन व्यवस्था बनानी थी।
पहले ही दिन नगर निगम व्यवस्था बनाने में नाकामयाब रहा। राज्य शासन की अनलाक प्रक्रिया के तहत जारी निर्देशों का पालन करते हुए कलेक्टर डा. मित्तर ने मंगलवार को व्यापारिक संघों की बैठक बुलाई थी। अनलाक के दौरान व्यापारियों को कोविड-19 प्रोटोकाल का गंभीरता के साथ पालन करते हुए दुकानों के संचालन की बात उन्होंने कही। इस पर व्यापारिक संगठनों ने अपनी सहमति जताई है।
लाकडाउन के प्रथम चरण से लेकर चौथे चरण के बीच 42 दिनों बाद शहर की सभी दुकानों के अलावा सब्जी बाजार सहित सेलून, स्पा व व्यूटी पार्लर, पान, सिगरेट ठेला वा चौपाटी, चाट, समोसा, गुपचुप, फास्ट फूड इत्यादि की दुकानें खुल जाएंगी। दुकानों के खुलने के साथ ही भीड़ भी बढ़ेगी। भीड़ को नियंत्रित करना प्रशासन के सामने एक बार फिर बड़ी चुनौती रहेगी। सभी दुकानें व सब्जी मंडी शाम पांच बजे खुलेंगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन