Ghansyam Sharma / Wed, Oct 28, 2026 / Post views : 3
रायगढ़। पत्रिका लुक
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में शासकीय उचित मूल्य की राशन दुकानों को निशाना बनाकर चावल और शक्कर चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुसौर पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से चोरी की 115 बोरी चावल और 2 बोरी शक्कर बरामद की गई है। वारदात में इस्तेमाल क्रेटा और इनोवा कार सहित कुल 38.60 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
शक्कर की बोरी में लगाया GPS ट्रैकर
पुलिस के मुताबिक, राशन दुकानों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुसौर पुलिस ने शक्कर की बोरियों में GPS ट्रैकर छिपाए। इसके बाद ट्रैकर लगी बोरी चोरी होने पर पुलिस ने उसकी लोकेशन के आधार पर कार्रवाई की। पुलिस टीम ने पत्थलगांव में आरोपियों को पकड़ लिया।
तीन राशन दुकानों की चोरी का खुलासा
पुलिस ने बताया कि आरोपियों से ग्राम नवापारा, कोड़केल और कोतमरा की शासकीय राशन दुकानों से चोरी किया गया अनाज बरामद हुआ है। गिरफ्तार आरोपियों में चार कथित चोर और चोरी का सामान खरीदने वाला एक आरोपी शामिल है।
नकबजनी और संगठित अपराध के तहत कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, आरोपियों की गिरफ्तारी से तीन अपराधों का खुलासा हुआ है। मामले में नकबजनी, चोरी की संपत्ति खरीदने और संगठित अपराध से संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड लेने की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई से शासकीय राशन दुकानों में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन