Ghansyam Sharma / Fri, Oct 23, 2026 / Post views : 2
जगदलपुर। पत्रिका लुक
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अपने बस्तर प्रवास के दौरान जगदलपुर स्थित बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने मां दंतेश्वरी के दर्शन कर देशवासियों की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर में राष्ट्रपति का पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ स्वागत किया गया।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी उपस्थित रहे। दोनों ने मां दंतेश्वरी के दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और निरंतर प्रगति की कामना की।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि मां दंतेश्वरी के प्रति बस्तरवासियों की अटूट श्रद्धा है। मां दंतेश्वरी बस्तर की आस्था और लोकजीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का दर्शन-पूजन के लिए मंदिर पहुंचना बस्तर और पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का अवसर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर अपनी विशिष्ट जनजातीय संस्कृति, प्राचीन परंपराओं और जीवन मूल्यों के लिए देश-दुनिया में अलग पहचान रखता है। यहां की परंपराओं में प्रकृति, आस्था और समाज के बीच गहरा संबंध दिखाई देता है। राष्ट्रपति के प्रवास से बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने में मदद मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि मां दंतेश्वरी मंदिर बस्तर की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का प्रमुख केंद्र है। मां दंतेश्वरी के प्रति क्षेत्रवासियों की गहरी आस्था सदियों पुरानी परंपराओं से जुड़ी हुई है। देवी की उपासना बस्तर के सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन में विशेष स्थान रखती है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन