Ghansyam Sharma / Sat, May 29, 2021 / Post views : 177
रायपुर। कोरोना महामारी के चलते डेढ़ महीने तक लॉकडाउन लगा होने से काम धंधा बंद होने से गरीब तबके के लोगों को भोजन के पैकेट्स बांटने का सिलसिला सामाजिक संस्था जनसेवा ने शुरू किया था। अब जबकि लॉकडाउन खत्म हो चुका है और लोग काम धंधे पर जाना शुरू कर चुके हैं, वहीं कई परिवार ऐसे भी हैं जो रोज कमाने खाने वाले थे और अभी उन्हें रोजगार नहीं मिल रहा है।
ऐसे परिवारजनों को भोजन उपलब्ध कराने का कार्य शनिवार को भी जारी रहा। बीएसयूपी सड्डू कॉलोनी में जरूरतमंदों को सूखा राशन, बच्चों को ब्रेड, बिस्किट का वितरण किया गया। संस्था के संरक्षक भगवानू नायक ने बताया कि हमारे पास साधन संपन्नता की कमी है पर इच्छा शक्ति की कमी नहीं है।
उसी के बल पर कुछ लोगों के सहयोग से जरूरतमंदों की मदद की जा रही है। इस कार्य में महामंत्री आशीष तांडी, बंटी निहाल, विवेक तनवानी, महिला प्रकोष्ठ की प्रीति जगत के नेतृत्व में सेवा कार्य किया जा रहा है। समिति के सदस्यों के ही सहयोग से 50 से अधिक परिवारों को सूखा राशन में 10 किलो चावल, पांच किलो दाल, तेल के पैकेट, मिर्च, हल्दी, मसाला का वितरण किया गया।
31 मई तक जारी रहेगा
जरूरतमंद परिवारों को झुग्गी बस्तियों में जाकर सूखा राशन बांटने का कार्य 31 मई तक जारी रहेगा। इसके बाद भी यदि किसी को रोजगार नहीं मिला और परिवार के समक्ष रोजीरोटी का संकट आता है, तो समिति के सदस्य उन्हें भूखा नहीं सोने देंगे और उन्हें मेहनत, मजदूरी का काम दिलाने में सहयोग करेंगे। इसके लिए समिति के देवेंद्र जगत, हरिबन्धु तांडी, कुबेर जगत विविध झुग्गी बस्तियों का दौरा करके हालात का जायजा लेंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन