Ghansyam Sharma / Thu, Jul 15, 2021 / Post views : 162
रायपुर । चातुर्मास शुरू होने में कुछ ही दिन शेष रह गए हैं। 20 जुलाई को देवशयनी एकादशी के पश्चात चातुर्मास का शुभारंभ हो जाएगा। इसके पश्चात 24 जुलाई को गुरु पूर्णिमा से चातुर्मासिक प्रवचनाें की शुरुआत होगी। जैन धर्म के साधु-साध्वियां चार माह तक प्रवचन गंगा बहाएंगी। इसके लिए साधु-साध्वियों का राजधानी में मंगल प्रवेश करने का क्रम शुरू हो चुका है। बुधवार को मुनि दीप कुमार सदरबाजार स्थित तेरापंथ भवन में प्रवचन के लिए राजधानी पधारे।
गुरुवार को सदरबाजार के ही जैन मंदिर में साध्वियों का आगमन हो रहा है। आचार्य महाश्रमण के शिष्य मुनि दीप कुमार अपने सहयोगी संत मुनि काव्य कुमार के साथ पहुंच चुके हैं। वे तेरापंथ भवन में 22 जुलाई को सुबह 10.41 बजे मंगल प्रवेश करेंगे। कोरोना नियमों के अनुसार प्रतिदिन सुबह 9 से 10 बजे तक वे प्रवचन देंगे।
साध्वीवृंदों का मंगल प्रवेश आज
सदरबाजार जैन मंदिर में आचार्य भगवंत मणीप्रभसूरीश्वर महाराज की आज्ञा से छत्तीसगढ़ रत्न शिरोमणी साध्वी मनोहरश्रीजी की शिष्या मंडल प्रमुखा साध्वी मनोरंजनाश्री, साध्वी सुभद्राश्री एवं नवकार जपेश्वरी साध्वी शुभंकराश्री के वर्षावास चातुर्मास का सौभाग्य श्रीसंघ को प्राप्त हुआ है। साध्वीवृंदों की मंगल प्रवेश यात्रा 15 जुलाई को सुबह 8.36 बजे विवेकानंद नगर स्थित श्रीज्ञान वल्लभ उपाश्रय से प्रारंभ होकर सदर बाजार जैन मंदिर पहुंचेगी।
प्रतिदिन सुबह 5.45 से 6.45 बजे तक कर्म विज्ञान पर स्वाध्याय कक्षा एवं सुबह 8.45 से 9.45 बजे तक आध्यात्मिक प्रवचन होंगे। सुबह 10 से 11 बजे तक जीवन विज्ञान पर पुन: स्वाध्याय एवं दोपहर 2.30 से 3.30 बजे तक सूत्र एवं उनके अर्थ पर साध्वी भगवंत द्वारा स्वाध्याय कक्षा ली जाएगी। सभी अनुष्ठान श्री जैन श्वेताम्बर चातुर्मास समिति-2021 एवं श्रीऋषभदेव मंदिर ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में होंगे। 14 अगस्त से नवकार दरबार सजाया जाएगा। इस 25वें रजत वर्ष के नवकार दरबार में प्रतिदिन रात्रि 8.15 से 9.15 तक नवकार जाप किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन